Azamgarh News:महिला की मौत के बाद निजी क्लिनिक सील

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

महिला की मौत के बाद निजी क्लिनिक सील

स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच, पंजीकरण और चिकित्सकीय योग्यता समेत अभिलेख खंगाले जा रहे

आजमगढ़। मार्टिनगंज क्षेत्र के महमूदपुर में बुखार से पीड़ित महिला की उपचार के दौरान मौत की सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित निजी क्लिनिक को सील कर दिया। विभाग ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महमूदपुर निवासी शकुंतला बुखार से पीड़ित थीं। परिजनों के अनुसार उपचार के लिए उन्हें महमूदपुर स्थित एक निजी क्लिनिक पर ले जाया गया था। वहां उपचार के दौरान इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर उन्हें जौनपुर ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत होने की सूचना है। घटना के बाद परिजनों ने संबंधित क्लिनिक पर पहुंचकर विरोध भी जताया।

मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में आने पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने इसे गंभीरता से लेते हुए नोडल अधिकारी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. मोहनलाल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद नोडल अधिकारी के निर्देश पर अधीक्षक मार्टिनगंज टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महमूदपुर स्थित संबंधित क्लिनिक/प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब क्लिनिक के पंजीकरण, संचालक की चिकित्सकीय योग्यता, उपचार से संबंधित अभिलेखों और अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की जा रही है। विभाग का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और अभिलेखों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने कहा कि जनपद में अनधिकृत रूप से चिकित्सा कार्य करने वालों तथा बिना वैध पंजीकरण या निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित निजी चिकित्सा प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button