Azamgarh News:दो दिन से लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, धान की फसल गिरने की बढ़ी चिंता

दो दिन से लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, धान की फसल गिरने की बढ़ी चिंता

तेज हवा के साथ बारिश से किसानों की बढ़ी मुश्किलें, बाजार जाने में भी परेशान हो रहे लोग

नरसिंह पवई (आजमगढ़)। क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश और तेज हवा से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मिल्कीपुर, सुम्हाडीह, चकिया, खैरुद्दीनपुर, मित्तूपुर, रामपुर, मैगना, गोधना, सादुल्लापुर, पत्तनपुर समेत आसपास के गांवों में बारिश के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई है।

 

लगातार बारिश से जहां धान की फसल को फायदा पहुंचा है, वहीं खेतों में पककर तैयार हो रही अगेती धान की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह बारिश जारी रही तो तेज हवा और पानी के कारण तैयार फसल खेतों में गिर सकती है, जिससे नुकसान होने की आशंका है।

 

बारिश के चलते पशु-पक्षियों के लिए भी चारे और भोजन की समस्या उत्पन्न हो गई है। कुछ देर के लिए बारिश कम होने पर पक्षी अपने घोंसलों से बाहर निकलकर भोजन की तलाश में दिखाई दे रहे हैं।

 

लगातार दो दिनों से सूर्यदेव के दर्शन नहीं होने से लोग धूप के लिए तरस रहे हैं। आसमान में बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश होने से बाजार और दैनिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। जरूरी सामान की खरीदारी के लिए लोग छाता लेकर घरों से निकल रहे हैं। बारिश के कारण क्षेत्र में जनसामान्य की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button