Jabalpur news:फर्जी वकीलों और छात्रों पर अधिवक्ताओं की कार्रवाई
Jabalpur News: Advocates take action against fake lawyers and students
जबलपुर जिला न्यायालय परिसर में फर्जी अधिवक्ताओं और नियमों का उल्लंघन करने वाले छात्रों के खिलाफ अधिवक्ता संघ द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस चेकिंग अभियान के दौरान न्यायालय परिसर में बिना अनुमति वकील की पोशाक पहनकर घूमने और वकालत करने वाले प्रथम वर्ष के विधि छात्रों और अन्य गैर-अधिवक्ताओं की जांच की गई। अभियान के तहत एक छात्र को बिना टाई और निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया, जिसे सख्त हिदायत देकर भविष्य में ऐसा न करने की चेतावनी दी गई।
अधिवक्ता संघ के कार्यकारिणी सदस्य प्रशांत नायक और अधिवक्ता ज्ञानेन्द्र तिवारी ने बताया कि परिसर में कई ऐसे लोग सक्रिय हैं जो अधिवक्ता न होने के बावजूद वाहनों पर एडवोकेट का लोगो लगाकर घूमते हैं और पक्षकारों को गुमराह करते हैं। इस प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को रोकने और न्यायालय परिसर का वातावरण स्वच्छ एवं पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि समझाइश के बाद भी ऐसी गतिविधियां जारी रहती हैं, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



