Jabalpur news:रिहायशी मकान में कपड़ों का गोदाम, पड़ोसी ने नगर निगम में की शिकायत
रास्ते में वाहनों की पार्किंग से परेशानी का आरोप, शाम तक कार्रवाई के निर्देश
जबलपुर। रिहायशी भवन में कथित रूप से कपड़ों का गोदाम और किरायेदार संचालित किए जाने तथा रास्ते में वाहनों की पार्किंग से परेशान एक पड़ोसी ने नगर निगम आयुक्त के नाम जनसुनवाई में ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनके पड़ोस में रहने वाले हितेश नेचलानी पिता रामचंद नेचलानी द्वारा दीपक गारमेंट्स के नाम से कपड़ों का व्यवसाय संचालित किया जाता है। आरोप है कि रिहायशी उपयोग की अनुमति से बनाए गए भवन में अब कपड़ों का गोदाम एवं किरायेदार रखे गए हैं, जिनके निजी और व्यावसायिक वाहन अक्सर रास्ते में खड़े कर दिए जाते हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि वाहन हटाने के लिए कहने पर विवाद की स्थिति बनती है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उनकी माता की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ी, लेकिन रास्ते में किरायेदार की कार खड़ी होने के कारण परेशानी हुई और कई बार आग्रह करने के बाद वाहन हटाया गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि क्षेत्र में हृदय रोगियों सहित अन्य बुजुर्ग रहते हैं, ऐसे में रास्ता बाधित होने से आपात स्थिति में गंभीर परेशानी हो सकती है। शिकायतकर्ता ने नगर निगम से कथित अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटवाने तथा भविष्य में रास्ता बाधित न हो, इसके लिए कार्रवाई की मांग की। नगर निगम जनसुनवाई में ज्ञापन प्राप्त होने के बाद संबंधित अधिकारी ने मामले में शाम तक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



