Jabalpur news:पूर्व सैनिक के बेटे की नृशंस हत्या, निष्पक्ष जांच की मांग लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन

Jabalpur News: Ex-serviceman's son brutally murdered, family reaches SP office demanding fair investigation

जबलपुर में 25 वर्षीय अर्जुन सिंह हत्याकांड को लेकर मृतक के परिजनों ने पुलिस की जांच को लेकर गंभीर मांगें उठाई हैं। 1 अक्टूबर को पूर्व सैनिक एवं मृतक अर्जुन सिंह के पिता गया प्रसाद अपने परिवार के साथ एसपी कार्यालय पहुंचे और एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष, सुदृढ़ और समयबद्ध विवेचना की मांग की।

 

परिजनों का आरोप है कि अर्जुन की पांच नामजद आरोपियों ने सामूहिक रूप से हत्या की और घटना के बाद शव को पुल से फेंक दिया गया।परिजनों ने जांच में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने की मांग करते हुए घटना स्थल सिकंदर चिकन शॉप की गहन जांच और आवश्यक होने पर उसे सील करने की मांग की है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज और डीवीआर, हथियारों तथा गवाहों के बयानों जैसे अहम साक्ष्यों को तत्काल सुरक्षित करने की गुहार लगाई गई है। परिजनों ने हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और शव को ठिकाने लगाने के आरोपों की भी गंभीरता से जांच करते हुए BNS की धारा 238 समेत अन्य लागू धाराएं जोड़ने की मांग की है।

 

ज्ञापन में मृतक का गायब मोबाइल, सोने की चेन और चांदी की राखियां बरामद करने, मेडिकल बोर्ड से पूरक अभिमत लेने और मामले के मुख्य गवाहों सहित पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की मांग भी की गई है। परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े, इसलिए विवेचना जल्द पूरी कर आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में समयबद्ध तरीके से चार्जशीट पेश की जाए। एडिशनल एसपी सूर्यकांत शर्मा को ज्ञापन सौंपकर परिजनों ने मामले में कठोर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button