आजमगढ़:गांधी जयंती पर सीएचसी मुहम्मदपुर में निःशुल्क स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर

पूर्व मंत्री डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने मरीजों का जाना हाल, रक्तदाताओं का बढ़ाया उत्साह

आजमगढ़, 2 अक्टूबर। गांधी जयंती एवं ‘सेवा संकल्प माह’ के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुहम्मदपुर में निःशुल्क बहुउद्देशीय स्वास्थ्य एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया तथा स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना। उन्होंने मरीजों को फल एवं जलपान वितरित किया और रक्तदान करने वाले लोगों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।इस दौरान डॉ. कृष्ण मुरारी विश्वकर्मा ने सीएचसी मुहम्मदपुर के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रोहित मिश्रा की कार्यशैली और शिविर के बेहतर आयोजन की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा सेवा भावना के साथ कार्य करने के लिए चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का उत्साहवर्धन किया।

शिविर में भाजपा रानीपुर रजमो मंडल अध्यक्ष जयश्री चौहान, भाजपा जिला कार्यसमिति आजमगढ़ के सदस्य आलोक सिंह तथा बिंद्रा बाजार निवासी मो. माजिद ने स्वैच्छिक रूप से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने लोगों से भी रक्तदान के प्रति जागरूक होने और जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. रोहित मिश्रा के नेतृत्व में स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया। इस दौरान फार्मासिस्ट रविन्द्र, राधेश्याम, आदिल अहमद, राम सनेही सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी तथा क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच, रक्तदान और जरूरतमंदों की सेवा के प्रति जागरूक किया गया। आयोजन का उद्देश्य “स्वस्थ भारत, सशक्त भारत” के संकल्प को मजबूत करना और समाज में सेवा एवं सहयोग की भावना को बढ़ावा देना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button