Azamgarh News:महात्मा गांधी जयंती पर शिक्षकों का सम्मान, भावुक हुए गुरुजन

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

महात्मा गांधी जयंती पर शिक्षकों का सम्मान, भावुक हुए गुरुजन

श्रीनगर सियरहां में धूमधाम से मनाई गई गांधी-लाल बहादुर शास्त्री की जयंती, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

आजमगढ़। शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर (सियरहां) तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय श्रीनगर के परिसर में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्रीकी जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों, शिक्षा के महत्व तथा बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष रूप से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कमला रानी तथा समाजसेवी, भूतपूर्व सैनिक एवं भूतपूर्व शिक्षक अशोक कुमार राय द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर किया गया। इसके बाद मां सरस्वती, महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया तथा भारत माता की जय, वंदे मातरम और महात्मा गांधी अमर रहें के नारों से वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एसआरजी राम बदन उपस्थित रहे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता चाणक्य इंडिया टीवी न्यूज के आजमगढ़ ब्यूरो चीफ रामनरायन राय उर्फ बबलू राय ने की। मुख्य अतिथि के रूप में भास्कर सिंह उर्फ रिंकू सिंह, मंडल ब्यूरो हेड चाणक्य इंडिया टीवी न्यूज चैनल मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मधू राय ने किया तथा आयोजन की संयोजक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कमला रानी रहीं।

महात्मा गांधी सम्मान समारोह के तहत समाजसेवी अशोक कुमार राय ने पूर्व माध्यमिक विद्यालय श्रीनगर सियरहां, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा प्राथमिक विद्यालय श्रीनगर सियरहां के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं रसोइयों को माला पहनाकर, मोमेंटो एवं अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह का यह दृश्य भावुक कर देने वाला रहा। शिक्षकों ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को शिक्षा और संस्कार देने वाले गुरुजनों का इस तरह सार्वजनिक रूप से सम्मान किया जाना उनके लिए गौरव का क्षण है। प्रधानाध्यापिका कमला रानी ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पहली बार इस प्रकार पूरे विद्यालय परिवार को सम्मानित होते देखा है। उन्होंने समाजसेवी अशोक कुमार राय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है और वे बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए और अधिक उत्साह के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित होते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों ने सरस्वती वंदना एवं अतिथि स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों पर अतिथियों और अभिभावकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में बच्चों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेशों के साथ-साथ लाल बहादुर शास्त्री के बच्चों के प्रति प्रेम और शिक्षा के महत्व से भी परिचित कराया गया।

समाजसेवी अशोक कुमार राय द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित मंडल ब्यूरो हेड भास्कर सिंह उर्फ रिंकू सिंह तथा आजमगढ़ ब्यूरो चीफ रामनरायन राय उर्फ बबलू राय को भी सम्मानित किया गया। वहीं विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कमला रानी को मंडल ब्यूरो हेड रिंकू सिंह तथा जिला ब्यूरो हेड रामनरायन राय उर्फ बबलू राय द्वारा चाणक्य चैनल का मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इसके बाद प्रधानाध्यापिका कमला रानी द्वारा समाजसेवी अशोक कुमार राय, रिंकू राय, बबलू राय तथा ब्रह्मर्षि वेलफेयर एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष उमेश राय को माला पहनाकर मोमेंटो एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर समाजसेवी अशोक कुमार राय ने शिक्षा और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की मजबूत नींव उसकी शिक्षा व्यवस्था से तैयार होती है और शिक्षक उस नींव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का सम्मान वास्तव में शिक्षा और ज्ञान का सम्मान है।

प्रधानाध्यापिका कमला रानी ने कहा कि अशोक कुमार राय द्वारा तीनों विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं और रसोइयों को सम्मानित कर जिस प्रकार उनका उत्साह बढ़ाया गया है, वह सराहनीय है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि शिक्षकों को सम्मानित करने की ऐसी पहल से उन्हें अपने दायित्व के प्रति और बेहतर ढंग से कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों के लिए भव्य नाश्ते की भी व्यवस्था की गई। शिक्षकों ने एक स्वर में कहा कि समाज में शिक्षकों के सम्मान और बच्चों के प्रोत्साहन के लिए इस तरह के आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। इससे न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि बच्चों में भी शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

बताया गया कि पूर्व सैनिक व पूर्व शिक्षक अशोक कुमार राय द्वारा इस तरह के सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते रहे हैं। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह भी इसी सामाजिक सरोकार की एक कड़ी रहा, जिसमें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के साथ शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दे रहे गुरुजनों को सम्मान देकर उनके प्रति समाज का आभार व्यक्त किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button