Azamgarh News:जैगहां बाजार में खुला प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, महंगी दवाओं से मिलेगी राहत
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
गरीबों के इलाज का सहारा बना जन औषधि केंद्र, 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर दवाएं
जैगहां बाजार में खुला प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र, महंगी दवाओं से मिलेगी राहत
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज विकासखंड अंतर्गत जैगहां बाजार में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का शुभारंभ होने से क्षेत्र के लोगों को सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की सुविधा मिलने लगी है। केंद्र पर विभिन्न बीमारियों से संबंधित दवाएं बाजार की तुलना में काफी कम कीमत पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे विशेष रूप से गरीब, मजदूर और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगे इलाज के खर्च से राहत मिलने की उम्मीद है।
जन औषधि केंद्र की प्रोपराइटर निधि राय ने बताया कि केंद्र पर सामान्य बीमारियों के साथ-साथ कई गंभीर और नियमित रूप से इस्तेमाल होने वाली दवाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि रेबीज का इंजेक्शन, इंसुलिन, शुगर, ब्लड प्रेशर, मिर्गी एवं दौरे सहित विभिन्न बीमारियों की आवश्यक दवाएं यहां उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि योजना का उद्देश्य लोगों को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है। केंद्र पर कई दवाएं बाजार में मिलने वाली कीमत की तुलना में लगभग 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर उपलब्ध हैं। इससे उन परिवारों को सबसे बड़ी राहत मिलेगी, जिनके लिए बीमारी के साथ-साथ महंगी दवाओं का खर्च भी बड़ी चिंता बना रहता है।
निधि राय ने कहा कि बीमारी किसी अमीर-गरीब को देखकर नहीं आती। ऐसे में गरीब परिवारों को बेहतर उपचार से वंचित न होना पड़े, इसी भावना के साथ केंद्र के माध्यम से लोगों को किफायती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अपील की कि चिकित्सक की सलाह के अनुसार आवश्यक दवाएं जन औषधि केंद्र से भी प्राप्त कर सकते हैं।
जैगहां बाजार में जन औषधि केंद्र खुलने से स्थानीय लोगों में भी खुशी है। लोगों का कहना है कि नियमित रूप से शुगर, बीपी, इंसुलिन अथवा अन्य दवाओं का सेवन करने वाले मरीजों के लिए कम कीमत पर दवा मिलना बड़ी राहत की बात है। महंगाई के दौर में यदि गुणवत्तापूर्ण दवा कम कीमत पर उपलब्ध हो तो यह जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी मदद से कम नहीं है।
जन औषधि केंद्र का उद्देश्य केवल दवा बेचना नहीं, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण दवाएं पहुंचाकर उनके इलाज का आर्थिक बोझ कम करना है। यही वजह है कि जैगहां बाजार में खुले इस केंद्र को क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधा की दिशा में एक उपयोगी कदम माना जा रहा है।



