जौनपुर:रुपये दोगुने करने का झांसा देने वाला गैंग सरगना गिरफ्तार

Jaunpur: Gang leader arrested for allegedly doubling money

जौनपुर। बरसठी पुलिस ने रुपये दोगुने करने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के सरगना को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी लोगों का विश्वास जीतने के लिए आरबीआई के लोगो और 500 रुपये के नोट जैसे दिखने वाले कागज का इस्तेमाल करता था। उसके कब्जे से कूटरचित कागज, विस्फोटक पदार्थ, मोबाइल फोन, नकदी और कार बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, रविवार को बरसठी पुलिस तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार पहिया वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक ने अपना नाम सचिन उपाध्याय निवासी अबरना, थाना सुरियावां, भदोही बताया। तलाशी में नोट के आकार के 22 कागज मिले, जिन पर पुलिस के अनुसार तीव्र विस्फोटक पदार्थ का लेप लगा था। इसके अलावा आरबीआई के लोगो और 500 रुपये के नोट से मिलते-जुलते रंग वाला कटिंग कागज, रेडमी मोबाइल और 2,230 रुपये नकद बरामद हुए।

पुलिस का कहना है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों को रुपये दोगुने करने का झांसा देता था। इसके लिए कागजों को नोट जैसा दिखाकर लोगों का विश्वास हासिल किया जाता था। बरसठी थाने में आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भदोही और सुरियावां थाने में चोरी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत पूर्व के मुकदमे भी दर्ज हैं। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button