Azamgarh News:संविधान के मूल्यों को आत्मसात करना हर अधिकारी-कर्मचारी का कर्तव्य : डॉ. अब्दुल अजीज
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
संविधान दिवस पर सीएमओ कार्यालय में गोष्ठी एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित, अधिकारियों-कर्मचारियों ने किया प्रस्तावना का वाचन
आजमगढ़। संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के सभाकक्ष में गोष्ठी एवं सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी एवं अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अब्दुल अजीज के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए उसके मूल सिद्धांतों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर डॉ. अब्दुल अजीज ने संविधान सभा के गठन, संविधान निर्माण के उद्देश्यों तथा वर्तमान समय में संविधान की प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत नींव है। इसमें निहित मूल्यों, आदर्शों और सिद्धांतों को आत्मसात करना तथा अपने दायित्वों का निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का कर्तव्य है।
गोष्ठी के उपरांत उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से संविधान की शपथ ली तथा संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान के प्रति सम्मान, लोकतांत्रिक मूल्यों और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



