Mau news:ब्रेकर पर उछलकर पलटी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत
Mau News: A high-speed tractor-trolley overturned after jumping over a breaker, the driver died after being crushed under the tractor.

घोसी में ब्रेकर पर उछलकर पलटी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली, ट्रैक्टर के नीचे दबकर चालक की मौत
संवाददाता
घोसी।मऊ। घोसी नगर के ब्लॉक मुख्यालय के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ब्रेकर पर उछलकर अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसके नीचे दब ने से चालक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान गोठा निवासी अरविंद यादव (40) पुत्र रामसुख के रूप में हुई। बताया गया कि अरविंद यादव इंदारा से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सीमेंट लादकर अपने घर गोठा जा रहे थे। शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे वह ब्लॉक मुख्यालय के सामने पहुंचे। इसी दौरान तेज रफ्तार होने के चलते ब्रेकर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली उछलकर अनियंत्रित हो गई और पलट गई। हादसे में अरविंद ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी की मदद से पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया और उसके नीचे दबे चालक को बाहर निकाला। पुलिस ने तत्काल उसको सीएचसी घोसी लेकर आई जहां डाक्टर ने मृत बताया।
पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। चालक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि अरविंद यादव गोठा में फोरलेन के किनारे अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। निर्माण कार्य के लिए ही वह इंदारा से सीमेंट लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है।



