Azamgarh News:बसपा महासम्मेलन में पंकज कुमार बने लालगंज विधानसभा के प्रभारी

आजमगढ़ बलरामपुर /पटवध से बबलू राय
बसपा महासम्मेलन में पंकज कुमार बने लालगंज विधानसभा के प्रभारी
आजमगढ़। नगर पंचायत लालगंज स्थित राम-जानकी मैदान में रविवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से कार्यकर्ता महासम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि बसपा के मुख्य कोऑर्डिनेटर दिनेश चंद्र ने पंकज कुमार को लालगंज विधानसभा का प्रभारी घोषित किया। घोषणा के बाद पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दिनेश चंद्र का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिनेश चंद्र ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से वंचित और शोषित समाज को अधिकार दिलाने का महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने कहा कि आरक्षित सीटों का प्रावधान इसलिए किया गया, ताकि वंचित और पिछड़े समाज के लोग विधानसभा, लोकसभा तथा जिला पंचायत जैसे सदनों में पहुंचकर अपनी आवाज मजबूती से उठा सकें।उन्होंने युवाओं से बाबा साहब के संघर्ष, उनके विचारों और अपने पूर्वजों के इतिहास को जानने का आह्वान किया। कहा कि युवा पीढ़ी अपने इतिहास और महापुरुषों के संघर्ष से प्रेरणा लेकर इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम करे।बसपा नेता ने भाजपा और समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने दोनों दलों को एक-दूसरे का सहयोगी बताते हुए सपा के पीडीए विमर्श पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।महासम्मेलन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भीम राजभर, भरत सिंह मऊ, पूर्व सांसद डॉ. बलिराम, ओमकार शास्त्री, इंदू चौधरी, हीरालाल गौतम, अरविंद कुमार समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



