आजमगढ़:नवरात्रि व प्रतिमा विसर्जन को लेकर एसडीएम नेहा मिश्रा ने दिखाई सजगता, शांति समिति की बैठक में दिए अहम निर्देश
Azamgarh: SDM Neha Mishra showed vigilance regarding Navratri and idol immersion, gave important instructions in the peace committee meeting.

लालगंज, आजमगढ़। आगामी नवरात्रि एवं प्रतिमा विसर्जन सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में थाना गंभीरपुर परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी लालगंज नेहा मिश्रा ने की।बैठक में एसडीएम नेहा मिश्रा ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उनके कुशल नेतृत्व और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण की बैठक में मौजूद लोगों ने सराहना की।
एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि सभी दुर्गा पूजा पंडालों में सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। बिजली के तारों की सुरक्षित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता, अग्निशमन व्यवस्था तथा भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने तथा किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न करने के निर्देश दिए।प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी एसडीएम नेहा मिश्रा ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग और तालाबों/घाटों का ही प्रयोग किया जाए। विसर्जन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।एसडीएम ने लोगों से अपील की कि सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध सूचना पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराने की अपील की।बैठक में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, समस्त पुलिस स्टाफ, क्षेत्र के संभ्रांत नागरिक, दुर्गा पूजा समितियों के पदाधिकारी एवं ग्राम प्रधान मौजूद रहे।बैठक के दौरान एसडीएम नेहा मिश्रा की सक्रियता, स्पष्ट कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनकी गंभीरता चर्चा का विषय रही। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन और जनता के समन्वय से नवरात्रि एवं प्रतिमा विसर्जन का पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।



