Jaunpur news:आंधी-बारिश से धान की फसलें गिरीं, किसानों को नुकसान की आशंका
Jaunpur news: Storm and rain damage paddy crops, farmers fear loss
जौनपुर। सरायख्वाजा क्षेत्र में तेज आंधी-तूफान और बारिश के कारण धान की खड़ी फसलें खेतों में गिर गईं। तैयार हो रही फसल के धराशायी होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों ने फसल में नुकसान की आशंका जताते हुए प्रशासन से सर्वे कराकर क्षति का आकलन कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार क्षेत्र के विभिन्न गांवों में तेज हवा और बारिश से दर्जनों किसानों की धान की फसल प्रभावित हुई है। कई खेतों में फसल पूरी तरह जमीन पर गिर गई है। इससे धान की कटाई और मड़ाई में भी किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मंगदपुर गांव निवासी किसान घनश्याम सिंह की करीब पांच बीघा धान की फसल आंधी-तूफान की चपेट में आकर गिर गई। इसके अलावा मनोज सिंह, मुन्ना सिंह, इन्द्रसेन सिंह, राजेश सिंह समेत कई अन्य किसानों की फसल भी प्रभावित हुई है। किसानों के मुताबिक फसल गिरने से उत्पादन प्रभावित होने के साथ ही कटाई में अतिरिक्त परेशानी और खर्च की आशंका है।किसानों का कहना है कि खेती की लागत पहले ही बढ़ी हुई है। ऐसे में तैयार फसल के गिर जाने से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित खेतों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन कराने और नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।



