जबलपुर:नवरात्रि पर्व और आगामी धार्मिक त्योहारों को देखते हुए जबलपुर पुलिस अलर्ट
Jabalpur: Jabalpur police on alert in view of Navratri festival and upcoming religious festivals

जबलपुर :नवरात्रि पर्व और आगामी धार्मिक त्योहारों को देखते हुए जबलपुर पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। शहर में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने शाम के समय सड़कों पर चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की जा रही है, वहीं संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों पर भी पुलिस की पैनी नजर है। पुलिस का साफ कहना है कि इस अभियान का मकसद महज चालान काटकर जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि पर लगाम लगाना है। पुलिस की चेकिंग के दौरान वाहनों में लगे काले शीशों की जांच की जा रही है। इसके साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों के पास चाकू, धारदार हथियार या अवैध आग्नेयास्त्र होने की आशंका पर भी तलाशी ली जा रही है। नियमों का उल्लंघन कर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि त्योहारों के दौरान बाजारों, प्रमुख सड़कों और धार्मिक स्थलों के आसपास लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में आपराधिक तत्व भीड़ का फायदा उठाकर किसी वारदात को अंजाम न दे सकें, इसके लिए पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। एडिशनल एसपी सिटी आयुष जाखड़ ने बताया कि नवरात्रि को देखते हुए शाम के समय विशेष चेकिंग की जा रही है। इस दौरान सभी तरह के वाहनों के साथ संदिग्ध लोगों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेकिंग का प्राथमिक उद्देश्य आपराधिक तत्वों की धरपकड़ और अपराधों की रोकथाम है। यदि किसी के पास प्रतिबंधित हथियार मिलते हैं या वह ध्वनि प्रदूषण समेत अन्य नियमों का उल्लंघन करता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का यह अभियान त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में अहम कदम है। अब देखना होगा कि चेकिंग अभियान के जरिए पुलिस असामाजिक तत्वों पर कितनी प्रभावी लगाम लगा पाती है।
जबलपुर से वाजीद खान की रिपोर्ट



