आजमगढ़ में एंटी रोमियो टीम की कार्रवाई,महिलाओं-बालिकाओं पर अभद्र टिप्पणी और सीटीबाजी करने वाले तीन मनचले पकड़े गये
गंभीरपुर पुलिस ने नवरात्रि के मद्देनजर चलाया अभियान, आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर की गई वैधानिक कार्रवाई
आजमगढ़। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंभीरपुर की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीनों युवक आने-जाने वाली महिलाओं और लड़कियों को देखकर सीटी बजाते थे तथा अश्लील गाने गाकर अभद्र हरकतें करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर नवरात्रि पर्व के दृष्टिगत मनचलों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी सदर के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में 19 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम क्षेत्र में भ्रमण और चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान ग्राम बिन्द्रा बाजार, रानीपुर रजमो क्षेत्र में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ व्यक्ति महिलाओं एवं बालिकाओं को देखकर सीटी बजाते हैं और अश्लील गाने गाकर अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे महिलाओं और बालिकाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन हरकतों का विरोध करने और समझाने के दौरान विवाद तथा मारपीट की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी, जिससे क्षेत्र में शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंसार पुत्र नेसार अहमद, मोहम्मद फहीम पुत्र नेसार अहमद तथा अब्दुल रहीम पुत्र नेसार अहमद, निवासी ग्राम बिन्द्रा बाजार, रानीपुर रजमो, थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना गंभीरपुर में मुकदमा संख्या 248/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 352, 351(3), 115(2) एवं 3(5) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। इसके अतिरिक्त, आरोपियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170/126/135 के अंतर्गत चालानी कार्रवाई भी की गई है।
महिला पुलिसकर्मियों की टीम रही शामिल
इस कार्रवाई में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक योगेश कुमार सरोज के साथ महिला आरक्षी शीला यादव, प्रियंका गुप्ता, अनामिका मिश्रा, अंजू जायसवाल, सुषमा सरोज तथा कांस्टेबल अजीत पटेल शामिल रहे।थाना गंभीरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति अभद्र व्यवहार, सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय गतिविधियों तथा शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने क्षेत्र में सुरक्षा, सम्मान और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर सतर्कता बरतने की बात कही है।



