स्नातक व शिक्षक MLC चुनाव को लेकर प्रशासन सख्त, SDM नेहा मिश्रा ने किया बूथ का निरीक्षण
लालगंज,आजमगढ़
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। बुधवार को लालगंज की एसडीएम नेहा मिश्रा ने तहसीलदार और खंड विकास अधिकारी विनीत यादव के साथ क्षेत्र पंचायत लालगंज स्थित मतदान बूथ का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मतदान केंद्र पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, रैंप, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं और शांतिपूर्ण मतदान की तैयारियों की समीक्षा की।
इस दौरान एसडीएम नेहा मिश्रा ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताते चलें कि स्नातक और शिक्षक निर्वाचन को लेकर लालगंज तहसील क्षेत्र में कुल मतदाताओं का सत्यापन और बूथों का भौतिक सत्यापन तेजी से किया जा रहा है।



