घोसी कोतवाली साइबर सेल ने ऑनलाइन ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस दिलवाया 80 हजार रुपये
ऑयल एक्सपेलर मशीन खरीदने के नाम पर हुई थी धोखाधड़ी, घोसी साइबर टीम की तत्परता से मिली राहत
ब्यूरो प्रमुख मऊ, अशोक श्रीवास्तव
MauNews:घोसी।मऊ। ऑनलाइन खरीदारी के नाम पर साइबर ठगी के शिकार हुए बनियापार निवासी सुनील कुमार को घोसी साइबर टीम ने राहत दिलाई है। ऑयल एक्सपेलर मशीन मंगाने के नाम पर ठगी गई 80 हजार रुपये की पूरी धनराशि पुलिस ने वापस करा दी। गुरुवार को रकम वापस मिलने पर पीड़ित को राहत मिली।
घोसी कोतवाली क्षेत्र के बनियापार सैयद ताहिर, सुल्तानपुर निवासी सुनील कुमार पुत्र सत्यनारायण सिंह ने ऑनलाइन खरीदारी के दौरान ऑयल एक्सपेलर मशीन खरीदने के लिए भुगतान किया था। इस दौरान उनके साथ 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पीड़ित ने 24 अगस्त 2026 को साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और ठगी की गई पूरी धनराशि होल्ड करा दी।
इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 22 अक्टूबर 2026 को पीड़ित के 80 हजार रुपये वापस करा दिए गए। एसपी सर्वेश कुमार मिश्रा और अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के निर्देशन मे सीओ घोसी सत्येंद्र भूषण तिवारी और कोतवाल रविंद्र नाथ राय के नेतृत्व में साइबर टीम ने मामले में तत्परता दिखाई। कार्रवाई में नोडल अधिकारी एसआई प्रकाश सिंह, सहायक नोडल अधिका एसआई दिनेश यादव, हेड ऑपरेटर अरविंद यादव, महिला आरक्षी पुष्पलता पांडेय और महिला आरक्षी रूपा सिंह शामिल रहीं।
सीओ ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन खरीदारी करते समय सावधानी बरतें और किसी भी अनजान व्यक्ति या वेबसाइट पर बिना सत्यापन के भुगतान न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं जिससे ठगी की रकम रोकने और वापस कराने के लिए समय रहते कार्रवाई की जा सके।



