Azamgarh News:बिलरियागंज और आजमपुर में धूमधाम से लगा दुर्गा पूजा मेला, राम-रावण युद्ध का मंचन देख भावविभोर हुए लोग
आजमगढ़ बलरामपुर/ पटवध से बबलू राय
बिलरियागंज और आजमपुर में धूमधाम से लगा दुर्गा पूजा मेला, राम-रावण युद्ध का मंचन देख भावविभोर हुए लोग
जगह-जगह सजीं मां दुर्गा की प्रतिमाएं, मेले में उमड़ी भीड़; 160 रुपये किलो जलेबी बिकने पर दिखी नाराजगी
आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज कस्बा में विगत वर्षों की परंपरा के अनुसार बृहस्पतिवार को प्रसिद्ध दुर्गा पूजा मेले का आयोजन किया गया। मेले में मां दुर्गा की सात प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया और मेले का आनंद उठाया।
मेले का मुख्य आकर्षण राम-रावण युद्ध का मंचन रहा। मंचन में रावण द्वारा माता सीता को अशोक वाटिका में रखने और भगवान श्रीराम के लंका पहुंचकर रावण व उसके भाइयों से युद्ध करने का दृश्य प्रस्तुत किया गया। अंत में भगवान श्रीराम माता सीता को लेकर वापस लौटते हैं। इस दृश्य को देखकर दर्शक भावविभोर हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक प्लाटून पीएसी के साथ बिलरियागंज थाना प्रभारी अतुल कुमार मिश्रा अपने हमराहियों के साथ लगातार चक्रमण करते रहे।
इसी क्रम में आजमपुर बाजार में भी भव्य मेले का आयोजन किया गया। यहां मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा स्थापित की गई थी, जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी कंधरापुर थाना प्रभारी केदारनाथ मौर्य और सब इंस्पेक्टर प्रमोद मद्धेशिया ने अपने हमराहियों के साथ संभाली।
मेले में जलेबी, चाट, फुलकी, छोला, चाऊमीन और केले की दुकानों पर काफी भीड़ देखने को मिली। महिलाएं घरेलू सामान की खरीदारी करती नजर आईं। हालांकि, बढ़ती महंगाई का असर मेले में भी दिखाई दिया। जलेबी 160 रुपये प्रति किलो बिकने से लोग नाराज दिखे। धार्मिक उल्लास और मेले की रौनक के बीच महंगाई को लेकर लोगों में चर्चा होती रही।



