आजमगढ़:सिर पर वार कर युवक की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार, बरदह पुलिस ने पारा मोड़ से दबोचा
उपनिरीक्षक रितेश खरवार की कार्रवाई, हत्या के मामले में आरोपी को भेजा गया जेल
ठेकमा (आजमगढ़)। मजदूरी के रुपये के विवाद में युवक के सिर पर घातक वस्तु से वार कर हत्या करने के मामले में बरदह पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी राजेश विश्वकर्मा उर्फ काम्बली (38) निवासी गौरा, थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर को सोमवार सुबह करीब 9:25 बजे पारा मोड़ से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, बीते 28 अक्टूबर की शाम करीब सात बजे दुबरा बाजार में मजदूरी के रुपये को लेकर विवाद हुआ था। इस दौरान आरोपी ने कथित रूप से शराब के नशे में सतीश अग्रहरी के सिर पर किसी घातक वस्तु से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल सतीश को परिजन उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जौनपुर ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के भाई दीपू अग्रहरी की तहरीर पर बरदह थाने में मुकदमा अपराध संख्या 340/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से आरोपी फरार चल रहा था।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध जौनपुर जनपद के गौराबादशाहपुर थाने में आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मुकदमे भी दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की।इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक रितेश खरवार, हेड कांस्टेबल मुकेश विश्वकर्मा और आरक्षी अजय कुमार शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।



