आजमगढ़:एडीजी नवीन अरोरा ने किया थाना सिधारी का वार्षिक निरीक्षण, कानून-व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

Azamgarh: ADG Naveen Arora conducted annual inspection of Sidhari police station, gave strict instructions regarding law and order.

आजमगढ़, 3 नवंबर:वार्षिक निरीक्षण-2026 के द्वितीय दिवस पर अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन, वाराणसी नवीन अरोरा ने मंगलवार को आजमगढ़ के थाना सिधारी का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के अभिलेखों, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क और सीसीटीएनएस कार्यालय सहित थाना परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने तथा कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील कुमार सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक सहित जनपद के अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा जौनपुर, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही जनपदों से आए आईपीएस अधिकारी भी उपस्थित रहे।एडीजी ने सबसे पहले थाना परिसर में सलामी गार्द का निरीक्षण किया और जवानों के टर्नआउट, अनुशासन एवं सलामी की गुणवत्ता परखी। इसके बाद थाना कार्यालय में अपराध रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, जनशिकायत रजिस्टर, त्योहार रजिस्टर और भूमि विवाद रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने और प्रविष्टियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।उन्होंने मालखाना, माल मुकदमाती और शस्त्रागार का निरीक्षण कर शस्त्रों एवं कारतूसों के रखरखाव की जानकारी ली। साथ ही हवालात की सुरक्षा और साफ-सफाई व्यवस्था भी देखी। महिला हेल्प डेस्क एवं साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए पीड़ितों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और उनकी समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।सीसीटीएनएस कार्यालय के निरीक्षण के दौरान ऑनलाइन अभिलेखों और पोर्टल पर दर्ज सूचनाओं की स्थिति देखी। लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया। इसके अलावा हिस्ट्रीशीटरों और सक्रिय अपराधियों पर लगातार निगरानी रखने, बीट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने तथा अपराध की सूचनाएं जुटाकर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
त्योहारों पर सतर्कता बरतने के निर्देश
आगामी धनतेरस, दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए एडीजी ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने बाजारों, संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखने, नियमित पैदल गश्त करने तथा प्रभावी वाहन चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा। त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, जाम की स्थिति से बचने, अवैध अतिक्रमण हटवाने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती पर भी जोर दिया।उन्होंने अवैध शराब और मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ ही संभ्रांत व्यक्तियों, ग्राम चौकीदारों और गणमान्य नागरिकों से निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारा कायम रहे।
फरियादियों से सम्मानजनक व्यवहार पर जोर
एडीजी ने पुलिसकर्मियों को थाने आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने थानाध्यक्षों को अधीनस्थ कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर उनका समयबद्ध समाधान करने और सभी पुलिसकर्मियों को अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।निरीक्षण के अंत में एडीजी ने अपराध नियंत्रण, जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सतर्कता और पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button