AMU छात्रसंघ चुनाव में नोमान अशरफ, नसरा नईम ने रचा इतिहास; मोहम्मद हमदान का दबदबा, हमदान को मिले सबसे ज्यादा वोट
AMU छात्रसंघ चुनाव में मोहम्मद हमदान की शानदार जीत, बढ़ाया आजमगढ़ का मान:-अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल बाद हुए छात्रसंघ चुनाव में आजमगढ़ के मोहम्मद हमदान ने मानद सचिव पद पर शानदार जीत दर्ज कर जिले का गौरव बढ़ाया है। हमदान ने 8,385 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1,503 मतों से पराजित किया। उनकी इस शानदार सफलता से समर्थकों और शुभचिंतकों में खुशी की लहर है। मोहम्मद हमदान की यह जीत उनकी मेहनत, लगन, नेतृत्व क्षमता और छात्रों के बीच मजबूत लोकप्रियता का प्रमाण है। उनकी ऐतिहासिक सफलता पर आजमगढ़ के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उम्मीद है कि वह अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए छात्रहितों की आवाज बुलंद करेंगे।

19 दिन के छात्र आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद हुए चुनाव में तीनों प्रमुख पदों पर नए चेहरे काबिज | नसरा नईम बनीं AMU छात्रसंघ की पहली महिला उपाध्यक्ष
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में आठ साल के लंबे अंतराल के बाद छात्रसंघ चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं। गुरुवार को हुए मतदान के बाद शुक्रवार सुबह करीब छह बजे मतगणना पूरी हुई। अध्यक्ष पद पर मोहम्मद नोमान अशरफ, उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम और मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान ने शानदार जीत दर्ज की।इस चुनाव में सबसे खास उपलब्धि लॉ फैकल्टी की छात्रा नसरा नईम के नाम रही। उन्होंने जीत हासिल कर AMU छात्रसंघ के इतिहास में पहली महिला उपाध्यक्ष बनने का गौरव प्राप्त किया। 19 दिनों तक चले छात्र आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद संपन्न हुए चुनाव को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में खासा उत्साह देखने को मिला। नतीजे घोषित होते ही कैंपस जश्न में डूब गया।
4121 वोटों से नोमान अशरफ ने दर्ज की जीत
अध्यक्ष पद के चुनाव में पीएचडी शोधार्थी मोहम्मद नोमान अशरफ ने कुल 7,797 वोट हासिल कर जीत अपने नाम की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद इंतखाब को 4,121 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। इंतखाब को कुल 3,676 वोट मिले।
वहीं, उपाध्यक्ष पद पर नसरा नईम ने 7,091 वोट हासिल किए। उन्होंने साकिब अली खान को 1,273 वोटों से हराया। साकिब को कुल 5,818 मत प्राप्त हुए।
मानद सचिव पद पर मोहम्मद हमदान ने सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्हें कुल 8,385 वोट मिले। उन्होंने अहमद फराज राजी को 1,503 मतों से शिकस्त दी। राजी को 6,882 वोट मिले। तीनों प्रमुख पदों में हमदान को सर्वाधिक मत प्राप्त हुए।
नसरा नईम ने रचा इतिहास, बनीं पहली महिला उपाध्यक्ष
इस चुनाव का सबसे ऐतिहासिक पहलू नसरा नईम की जीत रही। लॉ फैकल्टी की छात्रा नसरा AMU छात्रसंघ के इतिहास में उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने वाली पहली महिला बन गई हैं। उनकी जीत को विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली नसरा नईम लखनऊ में रहती हैं। वहीं, नवनिर्वाचित अध्यक्ष मोहम्मद नोमान अशरफ बिहार के सहरसा और मानद सचिव मोहम्मद हमदान आजमगढ़ के निवासी हैं।
ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी से गूंज उठा कैंपस

गुरुवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद रात करीब सात से आठ बजे के बीच मतगणना शुरू हुई। एबीके गर्ल्स यूनियन स्कूल में वोटों की गिनती कराई गई। शुक्रवार तड़के करीब पांच बजे तक तीनों प्रमुख पदों के परिणाम स्पष्ट होने लगे। इसके बाद यूनियन हॉल और विश्वविद्यालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया।विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया। जगह-जगह आतिशबाजी हुई और नारेबाजी के बीच तीनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का यूनियन हॉल में स्वागत किया गया। आठ साल बाद छात्रसंघ की बहाली और चुनाव संपन्न होने से छात्रों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
19 दिन के आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद बहाल हुए चुनाव
AMU में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर छात्र यासिर फहद ने 21 सितंबर से भूख हड़ताल शुरू की थी। डक पॉइंट और अब्दुल्लाह गर्ल्स कॉलेज गेट पर चले इस आंदोलन में छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।लगातार 19 दिनों तक चले आंदोलन और भूख हड़ताल के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और छात्रों के बीच सहमति बनी। इसके बाद चुनाव कराने की प्रक्रिया शुरू की गई और पांच नवंबर को मतदान संपन्न कराया गया। लंबे समय बाद हुए इस चुनाव को लेकर छात्र-छात्राओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
11 फैकल्टी के कोर्ट मेंबर भी चुने गए
छात्रसंघ चुनाव के साथ ही विश्वविद्यालय की 11 फैकल्टी और विभिन्न समूहों से कोर्ट मेंबर का भी निर्वाचन हुआ। निर्वाचित सदस्यों में चिकित्सा संकाय से मोहम्मद कैफ, जीवन विज्ञान से मोहम्मद राफे, इंजीनियरिंग से मोहम्मद कुमैल अशरफ, विधि संकाय से मोहम्मद हमजा अंसारी और विज्ञान संकाय से शाहंशाह खान शामिल हैं।इसके अलावा प्रबंधन अध्ययन से मोहम्मद अहसुन उस्मानी, कृषि विज्ञान एवं अन्य समूहों से मोहताशिम एजाज सानी, कला संकाय से कफील उल हक, यूनानी चिकित्सा से आमिना फैजान, वाणिज्य से इल्मा मशरूफ और समाज विज्ञान से अब्दुल बासिद सिद्दीकी ने जीत दर्ज की।
कैबिनेट के 10 सदस्य निर्वाचित, अहमद खान को मिले सर्वाधिक वोट
AMU छात्रसंघ चुनाव में कैबिनेट सदस्य के 10 पदों के लिए कुल 46 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। मतगणना के बाद सर्वाधिक मत हासिल करने वाले 10 प्रत्याशियों को विजेता घोषित किया गया।कैबिनेट सदस्यों में मोहम्मद अहमद खान 10,794 वोट पाकर पहले स्थान पर रहे। वहीं, हानिया खान 8,266 वोट के साथ दूसरे और अरीबा दिलशाद 7,091 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहीं।
निर्वाचित कैबिनेट सदस्यों की सूची इस प्रकार है-
1. मोहम्मद अहमद खान – 10,794 वोट
2. हानिया खान – 8,266 वोट
3. अरीबा दिलशाद – 7,091 वोट
4. शाजिया शमीम – 6,332 वोट
5. मोहम्मद मुहसिन – 6,267 वोट
6. मोहम्मद मुर्शिद – 5,644 वोट
7. अरसलान खान – 4,680 वोट
8. अनिका रुम्मान राही – 4,498 वोट
9. शाहीन परवीन – 4,098 वोट
10. मोहम्मद फैज – 4,035 वोट
आठ साल बाद हुए इस चुनाव ने AMU की छात्र राजनीति को नई दिशा दी है। खासकर नसरा नईम की ऐतिहासिक जीत ने इस चुनाव को यादगार बना दिया है। अब छात्रों की निगाहें नवनिर्वाचित छात्रसंघ से जुड़ी उम्मीदों और विश्वविद्यालय में छात्र हितों के मुद्दों पर उसके कामकाज पर टिकी रहेंगी।



