आजमगढ़:महिलाओं को सरकारी योजनाओं का झांसा देकर आभूषण ठगने वाला आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
आजमगढ़ में आभूषण ठगी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का खुलासा, तमंचा, कारतूस, आभूषण, नकदी व बाइक बरामद; आरोपी पर पहले से नौ मुकदमे दर्ज
गंभीरपुर/आजमगढ़। महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आभूषण व नकदी ठगने के मामले में कप्तानगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार की देर रात पासीपुर नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पुलिस की मुठभेड़ में आरोपी साहब राम के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से अवैध तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, ठगी के आभूषण, 1,350 रुपये नकद, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज बाजार में एक अक्टूबर तथा कौड़िया बाजार में पांच अक्टूबर को महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर आभूषण व नकदी ठगने की घटनाएं हुई थीं। दोनों मामलों में थाना कप्तानगंज में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। मामले में प्रकाश में आई महिला आरोपी नीरज उर्फ गुड्डी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस को देखकर की फायरिंग
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ पासीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ठगी की घटनाओं में शामिल साहब राम मोटरसाइकिल से गोपालगंज की ओर से आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल से पहुंचे संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। पुलिस ने रात करीब 1:30 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को सीएचसी कोयलसा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया।
बहन के साथ मिलकर ठगी करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपनी बहन नीरज उर्फ गुड्डी के साथ मिलकर महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर ठगी करने की बात बताई। आरोपी और उसकी बहन कभी बाजार में महिलाओं को अपने झांसे में लेते थे तो कभी उनके घर पहुंचकर खुद को रिश्तेदार बताकर विश्वास हासिल करते थे। आरोपी ने बताया कि ठगी में मिले कुछ आभूषण उसने एक अज्ञात फेरीवाले को सात हजार रुपये में बेच दिए थे। उसके पास से बरामद 1,350 रुपये आभूषण बेचने से मिली रकम बताई गई है।तमंचा, आभूषण और बाइक बरामद गिरफ्तार आरोपी की पहचान साहब राम (43) पुत्र स्व. मुसाफिर, निवासी बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर, थाना मेहनाजपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, पीली धातु के कान के टॉप्स की एक जोड़ी, मोती की माला सहित एक लॉकेट, 1,350 रुपये नकद, टेक्नो कंपनी का टचस्क्रीन मोबाइल तथा सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या यूपी 50 सीके 9939 बरामद की है।पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं। मुठभेड़ और अवैध असलहे की बरामदगी के संबंध में कप्तानगंज थाने में एक अन्य मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।



