Azamgarh News:दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में 15 वर्षीय किशोर की मौत, तीन गंभीर घायल
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
केशवपुर गांव के पास हुआ दर्दनाक हादसा, पिता की मौत के बाद परिवार का सहारा बना किशोर भी दुनिया से चला गया; घर में मचा कोहराम
आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग पर सोमवार की शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा केशवपुर गांव के समीप शारदा सहायक खंड-32 नहर के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर होने से हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाटघाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने एक किशोर को मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोहरीघाट थाना क्षेत्र के चिऊटीडाड़ गांव निवासी गोलू (15) पुत्र स्वर्गीय राजू अपने साथी करन कुमार (24) निवासी हरदौली के साथ बाइक से लाटघाट से दोहरीघाट की ओर जा रहा था। इसी दौरान जीयनपुर थाना क्षेत्र के करमड़ी गांव निवासी मनीष सिंह (27) और लाटघाट क्षेत्र के मोचीपुर निवासी सूर्यांशु चौरसिया (28) दूसरी बाइक से काखभार की तरफ से लाटघाट आ रहे थे। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे केशवपुर गांव के पास दोनों बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को सीएचसी लाटघाट पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने गोलू को मृत घोषित कर दिया। वहीं करन, मनीष और सूर्यांशु की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आजमगढ़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाला गोलू दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में दो छोटी बहनें और एक छोटा भाई भी हैं। पिता की बचपन में ही मृत्यु हो जाने के बाद परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में हाथ बंटाने के लिए वह दोहरीघाट की एक किराना दुकान पर काम करता था। सोमवार को वह अपने साथी के साथ किसी काम से लाटघाट आया था। घर लौटते समय सड़क हादसे ने उसकी जिंदगी छीन ली। जिस किशोर से परिवार को भविष्य की उम्मीदें थीं, उसकी असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना की खबर मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
इस संबंध में रौनापार थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने बताया कि दुर्घटना के समय दोनों बाइकों पर सवार किसी भी युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सहित अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



