Azamgarh News:आजमगढ़ के साहित्यकार पंकज कुमार राय का पहला दोहा संग्रह ‘हम अगस्त्य की जात’ प्रकाशित, साहित्य जगत में नई पहचान
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
1200 वर्षों की दोहा परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास, जीवन मूल्यों और सामाजिक सरोकारों को शब्दों में पिरोया
आजमगढ़ जनपद के वरिष्ठ साहित्यकार एवं सेवानिवृत्त डिप्टी कमिश्नर (राज्य कर) पंकज कुमार राय का पहला काव्य संग्रह **‘हम अगस्त्य की जात’ (दोहा संग्रह)** प्रकाशित हुआ है। हिंदी साहित्य की समृद्ध दोहा परंपरा को आगे बढ़ाने की दिशा में उनका यह प्रयास साहित्य प्रेमियों के लिए विशेष महत्व रखता है।
पंकज कुमार राय ने अपने प्रथम काव्य संग्रह के लिए दोहा छंद को चुना है। दोहा हिंदी साहित्य का एक महत्वपूर्ण एवं प्राचीन जातीय छंद है। हिंदी के प्रारंभिक कवियों में सरहपा का नाम प्रमुखता से लिया जाता है, जिन्होंने आठवीं शताब्दी में दोहा छंद को अपनी रचनाओं का माध्यम बनाया। इस दृष्टि से दोहा छंद लगभग 1200 वर्षों की साहित्यिक यात्रा पूरी कर चुका है। इसी समृद्ध परंपरा को अपनी रचनाओं के माध्यम से आगे बढ़ाने का प्रयास पंकज कुमार राय ने किया है।
पंकज कुमार राय का जन्म 28 दिसंबर 1962 को आजमगढ़ में हुआ। उनके पिता स्वर्गीय राजकुमार राय तथा माता स्वर्गीय गुलाबची देवी थीं। उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से हिंदी विषय में एमए की शिक्षा प्राप्त की तथा यूजीसी की जेआरएफ भी हासिल की। उन्होंने ‘नरेंद्र कोहली के पौराणिक उपन्यास’ विषय पर एमए में लघु शोध-प्रबंध तथा ‘हिंदी के पौराणिक उपन्यास’ विषय पर शोध-प्रबंध किया।
उनका प्रशासनिक एवं शैक्षिक सेवाओं का सफर भी काफी उल्लेखनीय रहा है। उत्तर प्रदेश में डिप्टी जेलर पद पर चयनित होने के बाद मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से उनका चयन शासकीय महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर (हिंदी) के रूप में हुआ, जहां उन्होंने लगभग चार वर्षों तक अध्यापन किया। इसके बाद सितंबर 1997 से जनवरी 1998 तक जनपद मऊ के बड़रांव में खंड विकास अधिकारी के पद पर सेवाएं दीं। बाद में उन्होंने राज्य कर विभाग में डिप्टी कमिश्नर के रूप में वाराणसी में अपनी सेवाएं दीं और दिसंबर 2022 में सेवानिवृत्त हुए।
प्रशासनिक दायित्वों के साथ साहित्य के प्रति उनका लगाव निरंतर बना रहा। उनकी रचनाएं विभिन्न साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं। राजेश मिश्र द्वारा संपादित ‘गजलें-नई सदी की’ में उनकी गजलें प्रकाशित हुईं। इसके अलावा ‘समुंदर ख्वाहिशों के’ नामक गजल संग्रह अप्रकाशित है। उनकी रचनाएं नई कविता, गजल और दोहा विधा में भी सामने आई हैं। सजना नवीन, चांद, संस्कृति सुधा, मंजरी, रेल रश्मि और दिव्य प्रभा आदि विभिन्न साहित्यिक पत्रिकाओं में उनके आलेख एवं कविताएं प्रकाशित हो चुकी हैं।
‘हम अगस्त्य की जात’ दोहा संग्रह के माध्यम से पंकज कुमार राय ने अपनी साहित्यिक संवेदनाओं, विचारों और अनुभवों को पारंपरिक छंद में अभिव्यक्त किया है। उनकी यह कृति हिंदी साहित्य की प्राचीन काव्य विधा के प्रति उनके लगाव और रचनात्मक प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
यह पुस्तक डिस्काउंट ग्रुप ऑफ पब्लिकेशन, गोरखपुर द्वारा प्रकाशित की गई है। पुस्तक का मूल्य 300 रुपये निर्धारित है तथा यह अमेजन और फ्लिपकार्ट पर भी उपलब्ध है।
आजमगढ़ की साहित्यिक प्रतिभा के रूप में पंकज कुमार राय की इस पहली दोहा कृति को साहित्यिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।



