आजमगढ़ में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडा-राड और चाकू से हमला,कई लोग घायल; जान से मारने की धमकी देने का आरोप, वीडियो वायरल
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के बनावां गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित वासदेव गौड़ ने थानाध्यक्ष गंभीरपुर को प्रार्थना पत्र देकर कई लोगों पर लाठी-डंडों से मारपीट करने, चाकू से हमला करने, घर का सामान क्षतिग्रस्त करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।पीड़ित के अनुसार, गांव में उनके घर के सामने रहने वाले रामदर्शन यादव, अरुण यादव, लक्की यादव उर्फ आदित्य यादव, प्रमिला यादव, नीतू यादव, जय हिंद यादव और काजल यादव सहित अन्य लोग पुरानी रंजिश को लेकर एक राय होकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने जान से मारने की ललकार लगाते हुए परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।इस हमले में वासदेव गौड़, उनकी बहुओं सुनीता, पूजा और मीना देवी, पुत्री लक्ष्मी उर्फ मनीषा तथा पुत्र सोनू और विजय शंकर को चोटें आईं। पीड़ित का आरोप है कि पूजा के सिर में गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी, जबकि उनकी पुत्री लक्ष्मी उर्फ मनीषा की नाक पर चाकू से वार किया गया। हमलावरों ने घर में रखे सामान को भी उठाकर फेंक दिया, जिससे काफी नुकसान हुआ।पीड़ित ने बताया कि शोर-शराबा सुनकर गांव और बाजार के काफी लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद आरोपी परिवार को अगली बार जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।पीड़ित वासदेव गौड़ ने थाना प्रभारी निरीक्षक से मामले की जांच कर सभी आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।



