आजमगढ़ में दीपावली पर पटाखा फेंकने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला;युवती समेत कई घायल,वीडियो वायरल
Bloody clash between two groups over Diwali firecrackers in Azamgarh, lathi-charged attack; several injured, including a young woman; video goes viral
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के हरिश्चन्द्रपुर गांव में दीपावली की रात पटाखा फेंकने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि पटाखा फेंकने का विरोध करने पर एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोलते हुए गाली-गलौज की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना में महिलाओं और किशोरों समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पीड़ित पृथ्वी राम प्रताप सरोज पुत्र लालबहादुर सरोज के अनुसार, 8 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे उनके घर के सामने सड़क पर दीपावली के पटाखे जलाए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ लोगों द्वारा उनके घर की तरफ पटाखे फेंके जाने लगे। इसका विरोध करने पर विपक्षी गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया।
मारपीट में राम प्रताप (48) पुत्र लालबहादुर, निखिल (18) पुत्र राम प्रताप, करन (17) पुत्र भानू प्रताप तथा कुसुम (22) पुत्री राम अवतार समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुहम्मदपुर ले जाया गया। कुसुम के सिर में चोट लगने और बार-बार बेहोश होने तथा किशोर करन के हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।पीड़ित ने गंभीरपुर थानाध्यक्ष को दिए प्रार्थना पत्र में मिथुन सरोज, बबलू, रमेश, आशीष, वशिष्ठ सरोज, सचिन सरोज, सतीश सरोज, विपिन सरोज और राममिलन सरोज समेत अन्य लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि विपक्षी पुरानी रंजिश को लेकर आए दिन जान से मारने की धमकी देते रहते हैं।पीड़ित ने पुलिस से घटना की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।



