Azamgarh News:सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ रील बनाना पड़ा भारी, दो युवक गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
ऑपरेशन वज्रपात के तहत बिलरियागंज पुलिस की कार्रवाई, दो तमंचे और दो कारतूस बरामद
आजमगढ़ जनपद में सोशल मीडिया पर अवैध तमंचों के साथ रील बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश करना दो युवकों को भारी पड़ गया। ऑपरेशन वज्रपात के तहत बिलरियागंज पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध देशी तमंचे .315 बोर और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में 11 नवंबर को यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक अवैध असलहों के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाकर प्रसारित कर रहे थे, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल पैदा करने का प्रयास किया जा रहा था।
पहली कार्रवाई में उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह ने पुलिस टीम के साथ ग्राम इमलीपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास से विकास यादव पुत्र संतराज यादव निवासी कुर्थीपुर को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस मामले में मुकदमा अपराध संख्या 261/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक ने पुलिस टीम के साथ गोरिया नहर पुलिया के पास से विकास यादव पुत्र वीरेंद्र यादव निवासी वार्ड नंबर 11 शिवनगर को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में मुकदमा अपराध संख्या 262/2026 धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अक्षयदीप सिंह, उपनिरीक्षक संतोष कुमार पाठक सहित पुलिसकर्मी अजय पाठक, विमल शंकर मिश्र, आशुतोष सिंह, सुरेंद्र पाल, सतपाल सिंह एवं कृपाशंकर शामिल रहे। दोनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



