Azamgarh News:मां कालिका मंदिर में गूंज रहे वैदिक मंत्र, शतचंडी महायज्ञ से भक्तिमय हुआ मानपुर गांव

आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय

12 से 16 नवंबर तक चलेगा धार्मिक अनुष्ठान, 17 नवंबर को विशाल भंडारे में प्रसाद ग्रहण करेंगे श्रद्धालु

आजमगढ़ जनपद के गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा मानपुर स्थित मां कालिका मंदिर परिसर इन दिनों भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर है। मंदिर परिसर में समस्त ग्रामवासियों एवं श्रद्धालुओं के सहयोग से भव्य शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर के पुजारी हरिश्चंद्र पांडेय एवं श्रीकांत उपाध्याय की प्रेरणा से आयोजित यह धार्मिक अनुष्ठान 12 नवंबर से प्रारंभ होकर 16 नवंबर तक अनवरत चलेगा।

महायज्ञ के शुभारंभ पर 12 नवंबर को गाजे-बाजे के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कलश यात्रा के साथ ही पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बन गया। प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हो रहे हैं।

इस आयोजन में गांव के यजमान की भूमिका निभाते हुए यज्ञ मंडप में उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठान में अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग और श्रद्धा से मंदिर परिसर में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है।

आयोजन के समापन के बाद 17 नवंबर को विशाल भंडारे का आयोजन किया गया है। आयोजकों की ओर से समस्त श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने की अपील की गई है।

मानपुर गांव में आयोजित यह शतचंडी यज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान ही नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और सामूहिक आस्था का भी प्रतीक बन गया है। मां कालिका के जयकारों और वैदिक मंत्रों से गूंजता मंदिर परिसर पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक वातावरण बिखेर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button