Azamgarh News:छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, व्रती महिलाओं ने अस्ताचलगामी सूर्य को दिया अर्घ्य

रानी की सराय। लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार की शाम क्षेत्र के विभिन्न तालाबों और पोखरों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। व्रती महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचे और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

क्षेत्र के सेठवल, रानी की पोखरा, सारीपुर, टेकमलपुर सहित आसपास के गांवों में स्थित तालाबों पर छठ पूजा को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शाम होते ही व्रती महिलाओं और उनके परिजनों की भीड़ घाटों पर जुटने लगी। महिलाओं ने सूप में फल, ठेकुआ और पूजन सामग्री सजाकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्ति धुनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। घाटों पर गूंज रहे छठ गीतों से श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

वहीं, कई घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए समाजसेवियों की ओर से नि:शुल्क चाय की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे का सहयोग करते हुए पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button