Azamgarh News:हाईवे किनारे मिला अज्ञात युवक का हत्या या हादसा? 300 मीटर दूर लावारिस मिली गुजरात नंबर की स्कूटी, चाबी शव के पास बरामद
आजमगढ़ बलरामपुर/पटवध से बबलू राय
आजमगढ़ जौनपुर-आजमगढ़ हाईवे पर बरदह थाना क्षेत्र के जिवली स्थित सरकारी समिति गोदाम के पास बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे करीब 28 वर्षीय अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर हत्या और सड़क हादसे के बीच गुत्थी उलझी हुई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह हाईवे किनारे युवक का शव पड़ा देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। शव के पास काफी खून फैला हुआ था तथा युवक का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था। पैरों की तरफ भी खून के निशान मिले, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर कोई स्पष्ट चोट दिखाई नहीं दे रही थी।
घटनास्थल से करीब 300 मीटर दूर हाईवे की दूसरी पटरी पर एक स्कूटी लावारिस हालत में बरामद हुई। स्कूटी पर गुजरात का नंबर (GJ 27 CK 9856) अंकित है। आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी मृतक की हो सकती है। हैरानी की बात यह रही कि स्कूटी की चाबी शव के पास पड़ी मिली। पुलिस ने स्कूटी को अपने कब्जे में ले लिया है।
युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। स्थानीय स्तर पर हत्या कर शव को सड़क हादसे का रूप देने की आशंका भी जताई जा रही है, जबकि दूसरी ओर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है। हालांकि, वास्तविक घटना क्या है, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।
थानाध्यक्ष चंद्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य परिस्थितियों के आधार पर जांच की जा रही है। पुलिस हत्या और सड़क दुर्घटना समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन में जुटी है।



