वर्तमान पत्रकारिता पर एक नजर:बदलते दौर में पत्रकारिता की चुनौतियां, निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारियां

A look at current journalism: Challenges, impartiality and social responsibilities of journalism in changing times

लेखक: ओमप्रकाश मिश्रा, केन्द्रीय संयुक्त सचिव, आइडियल पत्रकार संगठन (संपूर्ण भारत)

आज के लोकतांत्रिक व्यवस्था में पत्रकारिता को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ माना जाता है। पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज को सच्चाई से अवगत कराना, सत्ता और प्रशासन से जनहित में सवाल पूछना तथा आम जनता की समस्याओं और आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है। लेकिन बदलते समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप भी तेजी से बदल रहा है। आधुनिक तकनीक, डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया ने समाचारों के प्रसार को जहां बेहद आसान और तेज बनाया है, वहीं पत्रकारिता के सामने कई नई चुनौतियां भी खड़ी कर दी हैं।

वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी निष्पक्षता, विश्वसनीयता और गरिमा को बनाए रखने की है। टीआरपी की प्रतिस्पर्धा, खबरों को सनसनीखेज बनाकर प्रस्तुत करने की प्रवृत्ति, सोशल मीडिया पर फैलती भ्रामक सूचनाएं और बिना तथ्यों की पुष्टि किए समाचार प्रकाशित करने की जल्दबाजी ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता को प्रभावित किया है। ऐसे दौर में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों और नैतिक मूल्यों को बचाए रखना बेहद आवश्यक हो गया है।पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने अथवा प्रसारित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत आधारशिला है। एक सच्चे पत्रकार का दायित्व किसी व्यक्ति, राजनीतिक दल, संगठन अथवा सत्ता का पक्ष लेना नहीं, बल्कि तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर निष्पक्ष रूप से सच्चाई को जनता के सामने रखना है।आज आवश्यकता इस बात की है कि पत्रकार सत्ता और प्रशासन के सामने जनहित से जुड़े सवाल पूछने का साहस रखें। गरीबों, मजदूरों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वंचित लोगों की आवाज बनें। भ्रष्टाचार, शोषण, अन्याय और सामाजिक विसंगतियों के विरुद्ध निर्भीक होकर अपनी कलम चलाएं। साथ ही समाचार प्रकाशित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि करना और किसी भी खबर के सभी पक्षों को सामने रखना अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझें।

इसके साथ ही पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक स्थिति भी एक गंभीर विषय है। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों, छोटे समाचार पत्रों, डिजिटल मीडिया और गैर-मान्यता प्राप्त पत्रकारों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई पत्रकार सीमित संसाधनों और जोखिम के बीच समाज को समाचार उपलब्ध कराते हैं। ऐसे पत्रकारों के लिए सुरक्षा, सम्मान, उचित पारिश्रमिक, चिकित्सा सुविधा और सामाजिक संरक्षण की व्यवस्था होना भी आवश्यक है।पत्रकार संगठनों की भूमिका भी इस दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। संगठनों को पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ उन्हें निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता के लिए प्रेरित करना चाहिए। वरिष्ठ एवं अनुभवी पत्रकारों के माध्यम से नए पत्रकारों को प्रशिक्षण देना समय की मांग है, ताकि पत्रकारिता की गुणवत्ता और विश्वसनीयता को और मजबूत बनाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button