जबलपुर में नशीले इंजेक्शन के तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़, 4 हजार इंजेक्शन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
प्रयागराज से लाकर जबलपुर में बेचते थे नशीले इंजेक्शन, पुलिस ने कार और मोबाइल सहित 1.34 लाख का माल किया जब्त
जबलपुर। नशा मुक्त मध्यप्रदेश अभियान के तहत जबलपुर पुलिस ने नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। क्राइम ब्रांच और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने भारत पेट्रोल पंप के पीछे गोयल टीमटी गेट के सामने दबिश देकर कार में सवार दो आरोपियों जयंत राय (36) और अमित पैगवार (41) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 हजार नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनमें 2 हजार फेनिरामाइन मैलेट (एविल) और 2 हजार बुप्रेनोर्फिन इंजेक्शन शामिल हैं। जब्त इंजेक्शनों की कीमत करीब 1 लाख 34 हजार 300 रुपये बताई गई है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही फोर्ड फिगो कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से इंजेक्शन लाकर जबलपुर में नशेड़ियों को फुटकर में बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी जयंत राय के खिलाफ पहले से ड्रग एक्ट और मारपीट सहित आठ अपराध दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश ड्रग्स कंट्रोल एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
बाइट जितेंद्र सिंह एडिशनल एसपी
जबलपुर से वाजिद खान की रिपोर्ट



