सरदार पटेल का जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्त्रोत: जिलाधिकारी

कलेक्ट्रेट सभागार में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस*।

 

विनय मिश्र, जिला संवाददाता।

 

*देवरिया।* देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष दीपावली पर्व के साथ संयोग होने के कारण शासन के निर्देशानुसार कलेक्ट्रेट सभागार में आज इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें जिलाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस अवसर पर सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में सरदार पटेल के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता के बाद राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही है। उनके नेतृत्व में भारत का एकीकरण एक असाधारण उपलब्धि थी। उनकी दूरदर्शिता, दृढ़ संकल्प और कूटनीतिक कौशल के कारण 562 रियासतों का एक संगठित राष्ट्र के रूप में एकीकरण संभव हो पाया। जिलाधिकारी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन, संकल्प और साहस प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हैं, और उनके आदर्श आज भी हमारे लिए मार्गदर्शक बने हुए हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता और अखंडता बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे सरदार पटेल के आदर्शों का अनुसरण करें और उनके दिखाए मार्ग पर चलें। उनके विचार और सिद्धांत इतिहास का हिस्सा मात्र नहीं हैं, बल्कि वर्तमान और भविष्य के लिए भी प्रेरणा का स्रोत हैं। इस कार्यक्रम में एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार राय, एडीएम प्रशासन गौरव श्रीवास्तव, सीआरओ जेआर चौधरी, डीजीसी नवनीत मालवीय सहित बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट के कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Related Articles

Back to top button