रोहतास में शिक्षिका ने चलाया जागरूकता अभियान, बारिश में वाहनों को धीमी गति से चलाने की अपील

Teacher launches awareness campaign in Rohtas, appeals to drive vehicles slowly in rain

रोहतास, 9 जुलाई: बिहार के रोहतास में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए एक अभियान चलाया जा रहा है। बारिश के मौसम में स्कूलों के बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पडता है। इसे लेकर एक शिक्षिका ने सड़क पर खड़े होकर एक मुहिम चलाई है।

 

स्कूल ड्यूटी के बाद रोहतास जिले के मध्य विद्यालय बेलदुरिया की शिक्षिका पूजा का जागरूकता अभियान चर्चा का विषय बना हुआ है। यह मुहिम वाहन चालकों को एक सकारात्मक संदेश दे रहा है। समाज हित में पूजा कुमारी के इस अभियान को लोगों का समर्थन मिल रहा है।

 

उन्होंने सड़क पर आने-जाने वाले वाहन चालकों को बताया कि बरसात में तेज रफ्तार से गाड़ी न चलाएं। इससे सड़क के गड्ढे में जमा पानी और कीचड़ के छींटे स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं के कपड़े पर पड़ता है, इससे उनके ड्रेस खराब हो जाते हैं। कीचड़ के छींटे पड़ने से छात्र और छात्राएं स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं।

 

शिक्षिका के जागरूकता अभियान के वीडियो भी सामने आये हैं। वीडियो में शिक्षिका द्वारा वाहन चालकों से अपील करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में शिक्षिका पूजा ने कहा कि सड़क पर गड्ढे में जल जमाव या कीचड़ देखने पर वाहन की स्पीड कम रखें, ताकि कीचड़ के छींटे से किसी को नुकसान न हो।

 

उन्होंने आगे कहा कि जब छात्र और छात्राएं दिखें, तो वाहन को बिल्कुल धीरे कर लें। क्योंकि सभी बच्चों के पास दो ड्रेस नहीं होते हैं। अगर ड्रेस गंदा हो जाता है, तो वे स्कूल नहीं पहुंच पाते हैं। आपका यह सहयोग कई बच्चों का जीवन संवारने में मददगार होगा।

Related Articles

Back to top button