स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 13 से 15 अगस्त तक चलेगा घर-घर तिरंगा अभियान ।

जिला संवाददाता ,विनय मिश्र।
देवरिया, मुख्य विकास अधिकारी प्रत्यूष पाण्डेय की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के सफल क्रियान्वयन की तैयारियों हेतु संबंधित विभागों के अधिकारीगण के साथ बैठक विकास भवन के गांधी सभागार संपन्न हुई। सीडीओ ने अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान में स्वयंसेवी संस्थाओं और नागरिक संगठनों को भी जोड़ा जाए। जनभागीदारी से इसे शासन की मंशानुरूप सफल बनाया जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना को जागृत करते हुए स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, अमर बलिदानियों की गाथा को याद किया जाएगा। इस अवसर पर प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना जागृत करते हुए स्वतन्त्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर कराने के दृष्टिगत “हर घर तिरंगा” (13 अगस्त 2024 से 15 अगस्त 2024) अभियान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनसहभागिता के साथ प्रदेश के आवासीय घरों या सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों एवं समस्त शैक्षणिक संस्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज को फहराने जाने का आयोजन किए जाने हेतु विस्तृत दिशा निर्देश दिए गए है। उन्होंने जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जिन विभागों को हर घर तिरंगा अभियान के अन्तर्गत जो भी जिम्मेदारी दी गई है, वह उसका अनुपालन ससमय सुनिश्चित करेगें, इसमें किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि “हर पर तिरंगा कार्यक्रम प्रत्येक सरकारी अधिकारी या कर्मचारी, शिक्षकगण, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, स्वयं सहायता समूहों विभिन्न नागरिक संगठनों आदि के सहयोग से क्रियान्वित किया जाए। वाणिज्यिक एवं व्यावसायिक समूहों एवं संगठनों को उनकी सहभागिता एवं तिरंगा बनवाने के लिए सीएसआर संसाधनों को उपलब्ध कराए जाने हेतु प्रेरित किया जाये। ग्राम पंचायत स्तर पर सम्बन्धित विभाग द्वारा जागरूकता सत्र का आयोजन करते हुए ग्राम प्रधानों को शत-प्रतिशत घरों, दुकानों, कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानो तथा नलकूपों इत्यादि पर झण्डा फहराने हेतु प्रेरित किया जाये। जनपद के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में झण्डों के वितरण या बिक्री हेतु केन्द्रों को चिन्हित कर जनपद की समस्त सरकारी राशन की दुकानों को झण्डा वितरण एवं बिक्री केन्द्र के रूप में प्रयोग किया जाये। कार्यक्रम हेतु जनपद के समस्त सरकारी अधिकारीगण, कर्मचारियों, शिक्षको, शिक्षामित्रों, स्वास्थ्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मियों, आशा कार्यकर्ती आदि को पूर्व निर्धारित लक्ष्य दिया जाएं तथा उक्त लक्ष्य की प्राप्ति हेतु किये गये प्रयासों की नियमित समीक्षा की जायेगी। बैठक में सीएमओ डॉ राजेश झा, जिला विकास अधिकारी रवि शंकर राय, डीपीआरओ सर्वेश पांडेय, डीपीओ कृष्णकांत राय, बीएसए शालिनी श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी आदि मौजूद रहे।



