गजिया ओवरब्रिज पर सेफ्टी जाली लगाने का कार्य शुरू चेयरमैन के इस पहल की नगर में हो रही है चहुंओर सराहना
भदोही। नगर के गजिया ओवरब्रिज पर सेफ्टी जाली लगाए जाने का कार्य प्रारम्भ हो गया है। जल्द ही कार्य पूरा कर फाइबर शीट के पैनल लगा दिए जाएंगे। बीते साल एक हादसे में एक युवक की मृत्यु ब्रिज से नीचे गिर जाने से हो गई थी।
उस हादसे को देखते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरगिस अतहर व सम्बंधित अधिकारियों द्वारा नगर के दोनों ओवरब्रिज का निरक्षण किया था। सेफ्टी जाली लगवाने का प्रस्ताव पास करवाकर शासन को भेज दिया था। जिसके परिणामस्वरूप पिछले दो दिन से कार्य शुरू कर दिया गया है। पिछले दो दिनों से रात को सेफ्टी जाली लगाने वाले कर्मचारी कार्य को युद्धस्तर पर पूरा करने की जद्दोजहद कर रहे है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरगिस अतहर ने कहा कि सेफ्टी जाली लगाने का मुख्य उद्देश्य यात्रियों, विशेषकर पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इस कार्य से ओवरब्रिज पर चलने वाले लोगों को दुर्घटनाओं से बचाने में मदद मिलेगी और यह सुनिश्चित होगा कि वे सुरक्षित रूप से पुल पार कर सकें। यह कदम भदोही नगर के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय है। नगर पालिका परिषद अध्यक्ष के द्वारा उठाए गए इस कदम की चहुंओर सराहना हो रही है। नगरवासियों ने कहा कि चेयरमैन का यह कार्य काफी सराहनीय है। जिसकी मांग नगर की जनता द्वारा उठाई जा रही थी। अब ओवरब्रिज के दोनों तरफ सेफ्टी जाली लग जाने के बाद दुर्घटना होने की स्थिति में नीचे गिरने की संभावना नहीं रहेगी।