मंडलायुक्त ने किया नरथुआ तालाब का निरीक्षण
तालाब, शिव मंदिर सौंदर्यीकरण व पार्क के रूप में खींचा विकास का खाका

रिपोर्ट अशरफ संजरी
भदोही। मंडलायुक्त डॉ.मुथुकुमार स्वामी बी एवं अपर आयुक्त प्रशासन डॉ.विश्राम ने शनिवार को नरथुआ गांव में स्थित तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने तालाब व शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा पार्क के रूप में विकास का खाका खींचा।
इस दौरान मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अविलंब सड़क के किनारे की भूमि को समतल कराकर फेंसिंग कराते हुए वृक्षारोपण कर खाली जगह को पार्क के रूप में विकसित किया जाए। वाकिंग ट्रैक बनाने के साथ ही सीटिंग चेयर लगाने के निर्देश दिए। बीडीओ औराई ने कमिश्नर को अवगत कराया कि इस जमीन पर पूर्व में अतिक्रमण के रूप आवासित 63 लोगों को पट्टे की जमीन दे दिया गया है तथा उनको पीएम आवास सर्वे सूची में सम्मिलित भी कर लिया गया है।
इस मौके पर सीडीओ डॉ.शिवाकांत द्विवेदी, एसडीएम बरखा सिंह व बीडीओ बृजेश नारायण त्रिपाठी सहित राजस्व टीम मौजूद रहीं।



