सौ प्रतिशत वाली अभय योजना में सात करोड़ की वसूली,संपत्ती कर अदा करने वालों को लगभग एक करोड़ की छूट
Seven crores recovered under the 100% Abhay Yojana, about one crore rebate given to property tax payers
हिंद एकता टाइम्स भिवंडी
रवि तिवारी
भिवंडी – भिवंडी निज़ामपुर शहर महानगरपालिका ने संपत्ति कर वसूली में एक बड़ी सफलता हासिल की है। लंबे समय से बकाया कर वसूली में पिछड़ रही महानगरपालिका ने आर्थिक संकट से उबरने और अपनी वित्तीय स्थिति मजबूत करने के लिए अभय योजना क्रमांक-३ लागू की। यह योजना १२ से १७ दिसंबर तक मात्र एक सप्ताह के लिए लागू इस योजना के तहत करदाताओं को बकाया कर पर १००% ब्याज माफी का लाभ दिया गया। महानगरपालिका ने इस अवधि में ८ करोड़ ८६ लाख ८२ हजार ३२१ रुपये की कर वसूली की। योजना के तहत, बकाया करदाताओं को १ करोड़ ८६ लाख ७८ हजार ४९९ रुपये की ब्याज राशि में छूट दी गई, जबकि ७ करोड़ ३ हजार ८२२ रुपये की शुद्ध राशि महानगर पालिका के खजाने में जमा हुई।
महानगरपालिका के आयुक्त अजय वैद्य ने संपत्ति कर वसूली बढ़ाने के लिए इस विशेष योजना की घोषणा की थी। योजना को सफल बनाने के लिए नगर प्रशासन ने नागरिकों को योजना के बारे में व्यापक रूप से जागरूक किया और उन्हें कर चुकाने के लिए प्रेरित किया।भिवंडी महानगरपालिका लंबे समय से संपत्ति कर वसूली में पिछड़ रही थी, जिससे उसकी आर्थिक स्थिति पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा था। इस योजना के तहत हुई वसूली से न केवल वित्तीय संकट में राहत मिली है, बल्कि भविष्य में ऐसी योजनाओं के प्रति लोगों के विश्वास को भी मजबूत किया है।महानगरपालिका के जनसंपर्क अधिकारी श्रीकांत परदेशी ने जानकारी देते हुए कहा कि संपत्ति कर वसूली में सुधार के लिए और भी योजनाओं पर विचार किया जा रहा है। नगर प्रशासन का लक्ष्य है कि बकायादारों को राहत देते हुए नगर के विकास के लिए अधिक राजस्व जुटाया जाए। नगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर संपत्ति कर चुकाएं और भविष्य में जुर्माने और ब्याज से बचें। अभय योजना जैसी पहल न केवल नागरिकों के लिए राहतकारी है, बल्कि नगर के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।