आजमगढ़ में हर घर जल लक्ष्य पूरा करने को मैन पावर बढ़ाने के आदेश
Azamgarh :Orders to increase manpower to achieve water target for every household

आजमगढ़ 07 नवम्बर:प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी/जिला विकास अधिकारी श्री संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (ग्रामीण) के कार्याें की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी।
जिला विकास अधिकारी ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि अपेक्षित मैन पावर एवं अन्य संसाधनों की व्यवस्था करते हुए अवशेष कार्याें को निर्धारित समय में गुणवत्तायुक्त पूर्ण करना सुनिश्चित करें, जिससे जनपद की रैंकिंग में और सुधार हो सके। समीक्षा के दौरान अवगत कराया गया कि कार्यदायी संस्था विक्रान के 62 में से 54 योजनाएं पूर्ण है, जिस पर जिला विकास अधिकारी ने कार्यदायी संस्थान के प्रोजेक्ट मैनेजर को निर्देश दिया कि अवशेष कार्याें को यथाशीघ्र पूर्ण करायें। उन्होने कार्यदायी संस्था गाजा को निर्देश दिया कि एफएचटीसी के कार्याें की प्रगति बढ़ायें। जिला विकास अधिकारी ने सहायक अभियन्ता जल निगम ग्रामीण को निर्देश दिया कि जितने भी कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उसका शुद्ध डाटा अविलम्ब उपलब्ध कराया जाए, इसके साथ ही कार्य के फोटोग्राफ भी संलग्न किया जाए। उन्होने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि जल जीवन मिशन सरकार की सबसे महत्वाकांक्षी योजना हैं, इसके कार्याें की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार समझौता न किया जाए। उन्होने कहा कि हर घर जल चिन्हित प्रमाणीकरण का कार्य चरणबद्ध ढंग से तीव्रता के साथ पूर्ण करें।इस अवसर पर सहायक अभियन्ता जल निगम (ग्रामीण) श्री प्रभात कुमार राय, सभी कार्यदाई संस्थाओं के प्रोजेक्ट मैनेजर तथा अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।



