Azamgarh News: यातायात सुरक्षा माह के तहत बिलरियागंज पुलिस ने चलाया जागरूकता अभियान, बिना हेलमेट चालकों को दिए गए हेलमेट

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के नेतृत्व में जनपद में चल रहे यातायात सुरक्षा माह के अंतर्गत सोमवार की शाम को बिलरियागंज थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने अपनी टीम के साथ सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया। यह अभियान बिलरियागंज, जैगहां बाजार तथा पटवध सरैया बाजार क्षेत्रों में संचालित किया गया, जिसमें वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने और दोपहिया चालकों को हेलमेट पहनने की अपील की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट चलने वाले बाइक सवारों को रोककर उन्हें सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही कई चालकों को नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए, ताकि वे सुरक्षित यात्रा कर सकें।
हेलमेट पाकर बाइक सवारों के चेहरे पर खुशी झलक उठी। उन्होंने पुलिस विभाग के इस कदम की भूरि-भूरि प्रशंसा की और कहा कि यह अभियान न केवल सुरक्षा के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि जनहित में प्रेरणादायक भी है। कई बाइक चालकों ने बताया कि उनका पुराना हेलमेट टूट गया था और आर्थिक तंगी के कारण वे नया नहीं खरीद पा रहे थे। ऐसे में पुलिस द्वारा मुफ्त में हेलमेट दिए जाने से उन्हें बहुत राहत मिली। थाना प्रभारी सुनील कुमार दुबे ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की जिम्मेदारी है। यदि लोग स्वयं नियमों का पालन करेंगे तो सड़क दुर्घटनाओं में बड़ी कमी आएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि “सुरक्षित सफर ही जिम्मेदार नागरिक की पहचान है” हेलमेट और सीट बेल्ट हमेशा लगाएं, अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस टीम की इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि ऐसे अभियान लगातार चलाए जाने चाहिए ताकि यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता और भी बढ़े।



