Azamgarh News: कंधरापुर में पुलिस मुठभेड़, दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय
आजमगढ़ जनपद के थाना कंधरापुर पुलिस ने मंगलवार की सुबह मुखबिर की सूचना पर भोर्रा मकबूलपुर अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान दो अंतरजनपदीय बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल सवार दोनों अपराधियों ने भागने की कोशिश की और झाड़ियों की आड़ से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान त्रिभुवन सिंह उर्फ गोलू (गाजीपुर) और पंकज पासवान (कैमूर, बिहार) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आजमगढ़, वाराणसी, गाजीपुर, चंदौली सहित कई जिलों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर के कुल 28 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने मौके से दो देशी तमंचे, जिंदा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजते हुए कंधरापुर थाने में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पुलिस टीम की तत्परता से गंभीर वारदात टल गई।



