आजमगढ़ में मानव कंकाल मिलने से सनसनी, लापता महिला होने की आशंका,डीएनए जांच के लिए भेजा गया कंकाल
Sensation due to discovery of human skeleton in Ahraula, suspected to be of missing woman
अहरौला/आजमगढ़। थाना क्षेत्र के बरईपुर पथरा गांव में शुक्रवार सुबह मानव कंकाल मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। गुम हुई महिला के घर से करीब 800 मीटर पूर्व दिशा में दूर नाले के पास हाथ, सिर और पैर के हिस्से मिलने की सूचना पर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई।
सुबह किसान जब अपने खेत में धान काटने गए थे तभी उन्हें धान के खेत में गुम महिला की साड़ी मिली । साड़ी को पहचानने पर ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे और साड़ी से कंकाल की पहचान लापता महिला विद्यावती (उम्र 65 वर्ष) के रूप में होने की आशंका जताई।
विद्यावती के पुत्र अरविंद मिश्रा ने 4 अक्टूबर 2025 को अपनी मां के गायब होने की रिपोर्ट अहरौला थाने में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी मां मानसिक रूप से अस्वस्थ थीं और उसी दिन दोपहर लगभग 2:30 बजे घर से अचानक लापता हो गई थीं। परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। तहरीर प्राप्त होने पर थाने पर प्रथिमिकता दर्ज कर ली गई थी और छान बीन चालू थी । अरविंद मजदूरी करके किसी तरह परिवार का भरण-पोषण करता है और बीते डेढ़ महीने से वह एक दिन काम और एक दिन मां की खोज में ही लगा रहता था।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कंकाल को कब्जे में लेकर थाने लाए। थानाध्यक्ष ने बताया कि कंकाल को डीएनए जाँच के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मिले अवशेष लापता महिला विद्यावती के हैं या नहीं।परिजनों ने कंकाल के संभावित रूप से विद्यावती देवी का होने पर अंतिम संस्कार करने की इच्छा जताई है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।



