Azamgarh News: अहरौला में तीन दिवसीय श्री राम विवाहोत्सव संपन्न, खिचड़ी खिआई रस्म में उमड़ा जनसैलाब

अहरौला में तीन दिवसीय श्री राम विवाहोत्सव संपन्न, खिचड़ी खिआई रस्म में उमड़ा जनसैलाब
अहरौला। गहजी महिपालपुर स्थित श्री श्री 1008 ब्रह्मलीन संत दुर्वासा महामंडलेश्वर मौनी बाबा के आश्रम में आयोजित तीन दिवसीय श्री राम विवाहोत्सव बुधवार को श्रद्धा और भक्ति के बीच सम्पन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान आश्रम परिसर भक्तिमय वातावरण और वैदिक मंत्रोच्चार से गूंजता रहा।उत्सव के प्रथम दिन धनुष यज्ञ का आयोजन किया गया । द्वितीय दिन भगवान श्री राम और माता जानकी के पावन विवाह संस्कार का आयोजन पूरे वैदिक विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुआ। इसी के साथ तीनों भाइयों—लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न—के विवाह संस्कार भी पूरे उत्साह के साथ आयोजित किए गए।बुधवार को उत्सव के तीसरे और अंतिम दिन खिचड़ी खिआई की रस्म के साथ बिदाई कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। खिचड़ी खिआई और बिदाई के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा आश्रम परिसर ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंज उठा।खिचड़ी खिआई रस्म के बाद भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम परिसर में निरंतर भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। क्षेत्रवासियों ने इस आयोजन को बेहद भव्य और ऐतिहासिक बताया।उत्सव को सफल बनाने में आश्रम प्रबंधन समिति और स्थानीय भक्तों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर श्री श्री 108 शुभम जी दास महाराज ने कहा कि “यह प्रकृति और परमात्मा का अलौकिक मिलन है, जिसे साधु-संत परंपरागत रूप से तीन दिवसीय श्री राम विवाह उत्सव के रूप में मनाते आ रहे हैं।”इस मौके पर श्री नागा बाबा करनपुर, हरिदास बाबा चांडीपुर, हकीम बाबा, वकील बाबा, पवन चतुर्वेदी, अनुराग चतुर्वेदी, विनोद चतुर्वेदी, सुधाकर चौबे, प्रमोद चतुर्वेदी, महेंद्र तिवारी, दिनेश तिवारी, राकेश यादव, सत्यम शुक्ला, सेवक जयप्रकाश, वीरू सहित अनेक भक्त और साधु-संत उपस्थित रहे।



