Jabalpur news:हवाला और टोल घोटाले का मास्टरमाइंड अमित खम्परिया रिमांड में उगले राज, जबलपुर-सतना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Hawala and toll scam mastermind Amit Khamparia reveals secrets during remand, police take major action in Jabalpur-Satna

Jabalpur news :- करोड़ों की वसूली,फर्जी दस्तावेजों के जरिए ठगी,हवाला ट्रांजेक्शन और टोल टैक्स घोटाले के मास्टरमाइंड अमित खम्परिया उर्फ चिटलर अमित से पुलिस को रिमांड के दौरान रोजाना चौंकाने वाले खुलासे मिल रहे हैं। तीन दिन की रिमांड पर लिए गए आरोपी की स्वीकारोक्तियों के आधार पर पुलिस ने सोमवार को जबलपुर और सतना में ताबड़तोड़ दबिश दी, जिससे पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया है। सोमवार सुबह पुलिस की विशेष टीम ने अचानक खम्परिया के जबलपुर स्थित ऑफिस पर छापा मारा। ऑफिस को सील कर करीब दो घंटे तक सघन तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस को कई डिजिटल दस्तावेज,लेजर, फाइलें, यूएसबी डिवाइस और कंप्यूटर हार्ड डिस्क मिलीं, जिनसे हवाला और वसूली नेटवर्क की पुष्टि होने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार, बरामद दस्तावेजों में फर्जी कंपनियों के नाम, उधारी के नाम पर ठगी के मॉड्यूल और टोल कलेक्शन से जुड़े संदिग्ध रजिस्टर शामिल हैं।पुलिस की दूसरी टीम ने सतना में खम्परिया के घर पर दबिश दी, जहां से एक लाइसेंसी पिस्टल बरामद की गई। पुलिस अब इसकी वैधता और उपयोग की जांच कर रही है। इसके अलावा घर से लाखों रुपये के दस्तावेज, सोने-चांदी के आभूषण, संदिग्ध नोटबुक, सीसीटीवी डीवीआर और कुछ मुहरबंद पैकेट भी मिले हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। रिमांड में खम्परिया ने कबूल किया है कि उसके पास फर्जी पहचान पत्रों का नेटवर्क, हवाला चैनलों से संपर्क और कई जिलों में कलेक्शन पॉइंट्स थे। पुलिस अब जब्त दस्तावेजों के आधार पर उसके एजेंटों और पार्टनर्स की सूची तैयार कर रही है। नागपुर और मुंबई के दो एजेंटों के नाम पहले ही सामने आ चुके हैं, जिनके मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन से कई चौंकाने वाले लिंक जुड़ रहे हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,जब्त सामग्री से केस का दायरा और बड़ा हो गया है। अगले 48 घंटों में कई बड़े नामों पर शिकंजा कसने की तैयारी है। जांच टीम जबलपुर,सतना,मंडला और नागपुर में और भी ठिकानों पर दबिश देने की योजना बना रही है। अफसरों का कहना है कि यह एक संगठित और व्यापक नेटवर्क है, जिसकी हर कड़ी की जांच कर सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाएगी। अमित खम्परिया की गिरफ्तारी भले ही शुरुआत हो,लेकिन पुलिस की आक्रामक कार्रवाई ने इस पूरे नेटवर्क की नींव हिला दी है।
बाइट – जीतेन्द्र सिंह,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राइम



