हाईवोल्टेज ड्रामा, पति को प्रेमिका संग रंगेहाथ पकड़ने पर मारपीट
सड़क पर प्रेम-प्रसंग का तमाशा, पुलिस को संभालनी पड़ी स्थिति

उत्तर प्रदेश के आगरा में रविवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने पति को उसकी कथित प्रेमिका के साथ रंगेहाथ पकड़ लिया। मामला एत्मादपुर थाना क्षेत्र के कुबेरपुर इलाके का है, जहां सड़क पर करीब एक घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
जानकारी के अनुसार, पति का काफी समय से एक अन्य युवती के साथ प्रेम संबंध चल रहा था। इसकी भनक लगने पर पत्नी अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गई और पति को युवती के साथ घूमते हुए पकड़ लिया। इसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में पत्नी ने युवती के साथ हाथापाई की, जबकि इस दौरान पति मौके से फरार हो गया।
सड़क पर हो रही मारपीट को देखकर आसपास के लोग जमा हो गए। कई राहगीरों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक विवाद शांत नहीं हो सका।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को थाने ले गई। पीड़ित पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति का लंबे समय से अफेयर चल रहा था और विरोध करने पर वह उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। महिला ने बताया कि करीब चार महीने पहले पति ने उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया था, जिसके बाद वह अपने पांच और छह साल के दो बच्चों के साथ मायके चली गई। पत्नी का यह भी कहना है कि उसने पहले थाने में शिकायत दी थी, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
वहीं, मारपीट में घायल युवती ने पत्नी और उसके साथ मौजूद अन्य महिलाओं के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। आगरा पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, युवती की शिकायत पर शांति, पूजा, आरती और पिंकी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



