Azamgarh News: सरावा गांव में बुढ़ाऊ बाबा मंदिर से बनवासी बस्ती तक सड़क जर्जर, ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी*

आजमगढ़ जिले के ठेकमा विकास* खंड अंतर्गत सरावा गांव में बुढ़ऊ बाबा मंदिर चौराहे से बनवासी बस्ती तक जाने वाला सड़क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो चुका है। सड़क की गिट्टियां उखड़ जाने से पैदल चलना भी दुश्वार हो गया है। आए दिन राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का लाभ इस सड़क पर कहीं नजर नहीं आ रहा है। हालत यह है कि न तो किसी विभागीय अधिकारी और न ही प्रशासनिक अधिकारियों का इस ओर ध्यान जा रहा है। जबकि यह मार्ग गांव का प्रमुख और अत्यंत व्यस्त रास्ता है, जिस पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
इस संबंध में गांव के पूर्व प्रधान प्रदीप सिंह ने बताया कि बुढ़ऊ बाबा मंदिर से बनवासी बस्ती तक की सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। गिट्टियां उखड़ जाने के कारण राहगीरों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है और लोग आए दिन चोटिल हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पूर्व प्रधान सहित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त सड़क का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।



