आजमगढ़:दबंगों के आगे बेबस प्रशासन? निजामाबाद में खुलेआम ग्राम सभा भूमि पर अतिक्रमण,जिलाधिकारी से की गई शिकायत
Azamgarh: Allegation of illegal occupation of Gram Sabha land, complaint lodged with District Magistrate

आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बढ़या में ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में ग्राम बढ़या निवासी रमेश सिंह पुत्र शंकर सिंह ने जिलाधिकारी आजमगढ़ को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपते हुए दबंग व्यक्तियों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाने की मांग की है।शिकायतकर्ता के अनुसार खाता संख्या 00486 की गाटा संख्या 272 मि०, रकबा 0.8550 हेक्टेयर भूमि, जो कि मौजा बढ़या, परगना निजामाबाद, तहसील सदर जनपद आजमगढ़ में स्थित है, राजस्व अभिलेखों में “उसार / ग्राम सभा सम्पत्ति” के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव के कुछ दबंग व्यक्तियों द्वारा उक्त ग्राम सभा की भूमि पर अवैध कब्जा व अतिक्रमण कर लिया गया है।
रमेश सिंह का कहना है कि उन्होंने इस अवैध अतिक्रमण की शिकायत दिनांक 28 जनवरी 2026 को संबंधित लेखपाल से की थी, लेकिन आरोप है कि लेखपाल द्वारा अतिक्रमणकारियों से अवैध धनराशि लेकर कब्जा हटाने एवं निर्माण गिराने से साफ इंकार कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा कि लेखपाल की इस लापरवाही व कथित मिलीभगत के कारण ग्राम सभा की भूमि को भारी क्षति पहुंच रही है।शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो गांव में तनाव और शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामवासियों का कहना है कि ग्राम सभा की भूमि पर कब्जा होना न केवल कानून का उल्लंघन है,
बल्कि सार्वजनिक हित के साथ भी खिलवाड़ है।प्रार्थी ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गाटा संख्या 272 मि० स्थित ग्राम सभा की भूमि से तत्काल अवैध कब्जा व अतिक्रमण हटवाकर निर्माण को ध्वस्त कराया जाए तथा दोषी व्यक्तियों एवं लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कार्रवाई करता है और ग्राम सभा की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए कब तक ठोस कदम उठाए जाते हैं।



