Azamgarh News:पत्रकार राम अवतार स्नेही को डॉ. भीमराव आंबेडकर कीर्ति सम्मान से किया गया सम्मानित
Azamgarh News:Journalist Ram Avatar Snehi was honored with the Dr. Bhimrao Ambedkar Kirti Samman.
पत्रकार राम अवतार स्नेही को डॉ. भीमराव आंबेडकर कीर्ति सम्मान से किया गया सम्मानित
रिपोर्ट चन्द्रेश यादव
आजमगढ़। अखिल भारतीय कबीर मठ, सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान, बड़ी खाटू, जायल, नागौर (राजस्थान) द्वारा भारत भूषण महंत डॉ. नानक दास जी महाराज के नेतृत्व में आयोजित 133वीं भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती महोत्सव-2024 के अवसर पर उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित पत्रकार रामअवतार स्नेही को डॉ. आंबेडकर कीर्ति सम्मान हेतु चयन किया गया था। परंतु वे किन्हीं निजी कारणवश यह सम्मान प्राप्त करने नहीं जा सके थे। कार्यक्रम के संयोजक रहे प्रख्यात साहित्यकार डॉ. अभिषेक कुमार द्वारा उनके घर पर पहुंचकर अंग वस्त्र एवं सम्मान पत्र से विभूषित किया। डॉ. अभिषेक कुमार ने बताया कि वरिष्ठ पत्रकार राम अवतार स्नेही ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा बताए गए आदर्शों—समता, न्याय, बंधुत्व और सामाजिक उत्थान—पर चलते हुए पत्रकारिता, समाज सेवा एवं राष्ट्रहितकारी लोक मंगल कार्यों में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। संस्थान ने उनके इस उत्कृष्ट कार्य को सम्मानित करते हुए उन्हें यह कीर्ति सम्मान प्रदान किया है।ज्ञात हो कि अखिल भारतीय कबीर मठ सद्गुरु कबीर की विचारधारा से प्रेरित होकर समाज में सेवा, समर्पण, सद्भाव और समानता का प्रसार करता है। संस्थान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को समय-समय पर सम्मानित करता रहा है, जिसमें कबीर कोहिनूर सम्मान, संत कबीर कीर्ति सम्मान आदि शामिल हैं। डॉ. आंबेडकर जयंती पर प्रत्येक वर्ष होने वाले यह आयोजन बाबा साहब के आदर्शों को जीवंत रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।इसके पूर्व 27 अप्रैल 2024 को डॉक्टर अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय केंद्र नई दिल्ली में राम अवतार स्नेही को समाज सेवा के लिए कबीर कोहिनूर सम्मान से सम्मानित किया गया था। रामअवतार स्नेही ने इस सम्मान पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह पुरस्कार चयन के दो वर्ष बाद प्राप्त हुआ है,फिर भी बहुत हर्षित हूं और हमें यह समाज सेवा के लिए और अधिक प्रेरित करेगा। उन्होंने आगे कहा कि बाबा साहब के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए हम सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे।



