Azamgarh news :NEXT TRADE नामक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतर्राजिय साइबर अपराधी गिरफ्तार
NEXT TRADE नामक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन ठगी करने वाले दो अंतर्राजिय साइबर अपराधी गिरफ्तार

अब तक गिरोह द्वारा लगभग ₹01 करोड़ की साइबर ठगी किये जाने के साथ ही देशभर से लगभग 12 शिकायतें प्राप्त हुई
आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
थाना कोतवाली अंतर्गत बदरका निवासी श्री अशोक कुमार अग्रवाल, पुत्र कृष्ण कुमार अग्रवाल द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई कि उन्होंने फेसबुक पर NEXT TRADE का विज्ञापन देखकर दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। अभियुक्तों द्वारा ट्रेडिंग में अधिक लाभ का लालच देकर NEXT TRADE नामक फर्जी ऐप का लिंक भेजा गया तथा उसमें धनराशि निवेश करने को कहा गया। विश्वास में आकर आवेदक द्वारा कुल ₹8,99,000/- की धनराशि जमा कर दी गई। प्रारंभ में ऐप पर मुनाफा दर्शाया गया, किंतु जब आवेदक ने धनराशि निकासी का प्रयास किया तो निकासी संभव नहीं हुई। तत्पश्चात उनकी आईडी ब्लॉक कर दी गई, जिससे उनके साथ साइबर फ्राड होने की पुष्टि हुई।
मुकदमे की विवेचना के दौरान बैंक खातों, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबरों की लोकेशन एवं तकनीकी जांच के आधार पर दिनांक 03.02.2026 को थाना साइबर क्राइम आजमगढ़ पुलिस टीम द्वारा 02 अन्तर्राज्यीय शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। बरामदगी व पूछताछ के आधार पर मुकदमे में धारा 111(1) BNS की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो ट्रेडिंग के नाम पर लोगों को NEXT TRADE ऐप डाउनलोड कराकर धनराशि निवेश कराता था। प्राप्त धनराशि को म्यूल बैंक खातों में ट्रांसफर कराया जाता था। इस गिरोह में कुछ बैंक कर्मियों की भी संलिप्तता सामने आई है, जो अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पहले से हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक उपलब्ध कराते थे। जैसे ही खातों में धनराशि आती थी, उसे तत्काल चेक के माध्यम से निकाल लिया जाता था। खातों के लेन-देन का पूरा हिसाब रखा जाता था। अब तक की जांच में इस गिरोह द्वारा लगभग ₹01 करोड़ की साइबर ठगी किए जाने के तथ्य प्रकाश में आए हैं। देशभर से लगभग 12 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनकी जांच कर संबंधित पीड़ितों को सूचित किया जाएगा।
जनहित में साइबर सुरक्षा सलाह (.APK फाइलों से बचाव) केवल आधिकारिक ऐप स्टोर (Google Play Store, Samsung Galaxy Store) से ही ऐप डाउनलोड करें।
तृतीय-पक्ष वेबसाइटों अथवा अनाधिकृत लिंक से .APK फाइल डाउनलोड न करें।
WhatsApp या सोशल मीडिया से प्राप्त ऐप लिंक पर क्लिक करने से बचें।
ऐप इंस्टॉल करते समय उसकी अनुमतियों की सावधानीपूर्वक जांच करें।
संदिग्ध ऐप पाए जाने पर तुरंत अनइंस्टॉल करें।
आवश्यकता पड़ने पर डिवाइस को सेफ मोड में रिबूट कर पूर्ण सिस्टम स्कैन कराएं।
अंतिम विकल्प के रूप में बैकअप लेकर फैक्ट्री रीसेट करें।



